2,900 करोड़ से मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन की फैक्ट्री, योगी ने किया शिलान्यास, यूपी बनेगा ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब

Mukesh Kumar 25 Nov 2026 06:19 PM 2 Mins
2,900 करोड़ से मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन की फैक्ट्री, योगी ने किया शिलान्यास, यूपी बनेगा ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब

लखनऊ : उत्तर प्रदेश को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा कदम उठाया। उन्होंने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में वैश्विक कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमिनियम बेवरेज कैन निर्माण इकाई का शिलान्यास किया। 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाली इस फैक्ट्री को प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। बॉल कॉर्पोरेशन की यह इकाई आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती देगी। इससे हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल सामग्री के लिए विश्वभर में पहचान रखने वाला मेरठ अब आधुनिक विनिर्माण का भी बड़ा केंद्र बन रहा है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत रैपिड रेल, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर और प्रस्तावित औद्योगिक कनेक्टिविटी के कारण यह क्षेत्र निवेशकों के लिए आकर्षक बन चुका है। जेवर एयरपोर्ट और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच भी उद्योगों को नई संभावनाएं दे रही है।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में लगभग 14 हजार फैक्ट्रियां थीं, लेकिन बीते साढ़े नौ वर्षों में 21 हजार से अधिक नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हुई हैं। आज प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 35 हजार के पार पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था, बेहतर सड़क नेटवर्क, औद्योगिक भूमि बैंक और निवेश अनुकूल नीतियों ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, आज देश की 55 प्रतिशत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। प्रदेश में डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट में 7.50 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप आर्थिक विकास को गति दे रहे हैं। सैमसंग, एलजी, डिक्सन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और सीएनएच इंडस्ट्रियल जैसी कंपनियों के बाद बॉल कॉर्पोरेशन का निवेश भी यूपी की वैश्विक औद्योगिक पहचान को मजबूत करेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंपनी से स्थानीय एमएसएमई को प्राथमिकता देने, युवाओं के कौशल विकास में सहयोग करने और रीसाइक्लिंग के जरिए पर्यावरण अनुकूल उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार परियोजना के हर चरण में कंपनी को पूरा सहयोग देगी। इस दौरान बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Yogi Adityanath Ball Corporation Meerut Investment UP Manufacturing Hub Uttar Pradesh Industrial Development

Recent News