मजार, बुलडोजर और तबादले पर घमासान! दिव्या मित्तल के बयान से भड़के भाजपा विधायक

Mukesh Kumar 25 Nov 2026 09:41 PM 1 Mins
मजार, बुलडोजर और तबादले पर घमासान! दिव्या मित्तल के बयान से भड़के भाजपा विधायक

देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया में गोरखपुर रोड स्थित अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान छिड़ गया है। पूर्व आईएएस एवं देवरिया की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के बयान पर भाजपा सदर विधायक डॉ. शलभमणि त्रिपाठी ने तीखा पलटवार किया है। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ अधिकारी हवा का रुख देखकर अपने तेवर बदल लेते हैं। नौकरी बचाने के लिए मजार ढहा दी गई और अब राजनीति की जरूरत पड़ने पर उसी के नाम पर आंसू बहाए जा रहे हैं।

दरअसल, दिव्या मित्तल ने एक पॉडकास्ट में दावा किया कि देवरिया में जिलाधिकारी रहते हुए उन पर अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार पर बुलडोजर चलवाने का दबाव बनाया गया था। उन्होंने कहा कि मजार कमेटी ने अतिक्रमण हटा लिया था, इसके बावजूद मजार को पूरी तरह गिराने की मांग की जा रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मजार को गिरने नहीं दिया और इसके बाद उनका तबादला हो गया।

विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने अपने जवाब में कहा कि उनके मुताबिक संबंधित मजार सरकारी बंजर भूमि पर अवैध रूप से बनी थी और उसे हटाना जरूरी था। उन्होंने कहा कि किसी के दबाव में यदि अच्छा काम हुआ है तो इसमें परेशानी क्या है। इस विवाद की पृष्ठभूमि भी काफी पुरानी है। जनवरी में प्रशासन ने गोरखपुर रोड स्थित मजार को ध्वस्त किया था।

 एसडीएम न्यायालय के आदेश और जमीन से जुड़े राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई थी। प्रशासन ने जमीन को सरकारी बंजर भूमि बताया था। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। दिव्या मित्तल के आरोप और विधायक के पलटवार के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मजार को लेकर उस समय प्रशासनिक स्तर पर क्या दबाव था। क्या तत्कालीन जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधि के बीच इस मुद्दे पर टकराव हुआ था। तबादले और बुलडोजर कार्रवाई के बीच क्या कोई संबंध था। फिलहाल दोनों के बयानों ने पुराने मामले को फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Deoria Mazar Controversy Divya Mittal Shalabhmani Tripathi Bulldozer Action Uttar Pradesh Politics

Recent News