यूपी में साइबर अपराधियों की खैर नहीं! योगी सरकार तैयार करेगी अभेद्य डिजिटल सुरक्षा कवच

Mukesh Kumar 24 Nov 2026 11:06 PM 1 Mins
यूपी में साइबर अपराधियों की खैर नहीं! योगी सरकार तैयार करेगी अभेद्य डिजिटल सुरक्षा कवच

लखनऊ : उत्तर प्रदेश को साइबर हमलों से सुरक्षित बनाने और सरकारी डिजिटल व्यवस्था की सुरक्षा मजबूत करने के लिए बुधवार को लखनऊ में विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप होने वाली इस कार्यशाला में प्रदेश के साइबर सुरक्षा तंत्र को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की रणनीति बनाई जाएगी। इसमें सरकारी डेटा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों को साइबर हमलों से बचाने पर विशेष जोर रहेगा।

गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होने वाली इस कार्यशाला में शासन, पुलिस, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस), सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और वैश्विक तकनीकी कंपनी सिस्को की संयुक्त भागीदारी रहेगी।

डिजिटल सेवाओं के तेजी से विस्तार के बीच साइबर अपराध और डेटा चोरी की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में कार्यशाला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित साइबर हमलों, डिजिटल प्लेटफॉर्म की कमजोरियों और भविष्य में क्वांटम तकनीक से पैदा होने वाले सुरक्षा जोखिमों पर चर्चा होगी। विशेषज्ञ बताएंगे कि साइबर हमलों की समय रहते पहचान कैसे की जाए और किसी घटना के बाद तत्काल कार्रवाई कर नुकसान को कैसे कम किया जा सकता है।

यूपीएसआईएफएस के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी के अनुसार, कार्यशाला में पांच प्रमुख विषयों पर मंथन होगा। इनमें उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले साइबर खतरों के प्रति जागरूकता, सरकारी विभागों की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था का आकलन, साइबर गवर्नेंस और विभागीय समन्वय को मजबूत करना, भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप सुरक्षा समाधान विकसित करना तथा सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी बढ़ाना शामिल है।

कार्यशाला में नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा की गोपनीयता, सरकारी सेवाओं की निरंतरता और महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल के बीच सुरक्षित तकनीकी व्यवस्था विकसित करने के उपाय तलाशे जाएंगे। इसका उद्देश्य प्रदेश में साइबर सुरक्षा के प्रति संस्थागत क्षमता बढ़ाना और सरकारी डिजिटल सेवाओं को संभावित खतरों से सुरक्षित रखने के लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना है।

Yogi Government UP Cyber Security Cyber Attack Protection AI Security Digital Infrastructure

Recent News