पटना : बिहार के किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़ी पहल की है। अब किसान पारंपरिक खेती के साथ अमरूद, नींबू, आंवला, अनार और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों की खेती करके सरकार से लाखों रुपये तक का अनुदान हासिल कर सकते हैं। कृषि मंत्री ने क्लस्टर आधारित बागवानी योजना की जानकारी देते हुए किसानों से 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत 'गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी' पहल के अंतर्गत क्लस्टर में बागवानी योजना चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ अधिक मुनाफा देने वाली उद्यानिकी फसलों की ओर प्रोत्साहित करना है।
कृषि मंत्री के मुताबिक, चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती करने पर किसानों को प्रति एकड़ एक लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। वहीं, ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए प्रति एकड़ दो लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी। यह राशि दो किस्तों में 65:35 के अनुपात में दी जाएगी।
किसान इस योजना के तहत न्यूनतम 0.25 एकड़ से अधिकतम 10 एकड़ तक खेती के लिए आवेदन कर सकते हैं। विजय सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में आंवला की खेती के लिए 50 हेक्टेयर, एप्पल बेर के लिए 30 हेक्टेयर, अमरूद के लिए 190 हेक्टेयर, नींबू के लिए 210 हेक्टेयर और अनार के लिए 10 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा बेल, कटहल, पपीता, ड्रैगन फ्रूट और चयनित सुगंधित पौधों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ केवल अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों तक सीमित नहीं रहेगा। गैर-रैयत यानी बटाईदार किसानों को भी इसमें शामिल किया गया है। पपीते की खेती के लिए भूमि संबंधी एकरारनामा प्रस्तुत करने पर बटाईदार किसान भी अनुदान प्राप्त कर सकेंगे।
इसके साथ ही योजना में कम से कम 30 प्रतिशत महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। विजय कुमार सिन्हा ने इच्छुक किसानों से 31 दिसंबर तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। योजना का लाभ लेने के लिए किसान पंजीकरण और जरूरी दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि क्लस्टर का न्यूनतम रकबा 0.25 एकड़ होना चाहिए। वहीं, लगाए गए पौधों में कम से कम 75 प्रतिशत पौधों का जीवित रहना जरूरी होगा। कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे क्लस्टर आधारित बागवानी को अपनाएं और इस योजना का लाभ उठाकर अपनी आमदनी बढ़ाएं। उनका कहना है कि बागवानी को व्यावसायिक खेती के रूप में विकसित करने से किसानों की खुशहाली के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।