लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए योगी सरकार दोहरी मुहिम चला रही है। इसके तहत एक ओर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के जरिए बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहायता दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सरकार का जोर बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ उन्हें कम उम्र में शादी के बंधन में बंधने से बचाने पर है।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत पात्र बालिकाओं को छह अलग-अलग चरणों में कुल 25 हजार रुपये दिए जाते हैं। योजना के तहत बेटी के जन्म पर 5 हजार रुपये, एक वर्ष तक पूर्ण टीकाकरण होने पर 2 हजार रुपये और कक्षा एक में प्रवेश पर 3 हजार रुपये की सहायता मिलती है। इसी तरह कक्षा छह में प्रवेश पर 3 हजार, कक्षा नौ में प्रवेश पर 5 हजार और हाईस्कूल या इंटरमीडिएट पास करने के बाद डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर 7 हजार रुपये दिए जाते हैं। इस तरह बेटी की शिक्षा के हर महत्वपूर्ण पड़ाव पर परिवार को आर्थिक मदद मिलती है।
महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति के मुताबिक, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत अब तक 29.43 लाख से अधिक लाभार्थियों को सहायता दी जा चुकी है। इनके आधार से जुड़े बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 755.93 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी गई है। योजना का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण बेटियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।
वहीं, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। लखनऊ, कानपुर और पीलीभीत समेत विभिन्न जिलों में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090 और पुलिस सहायता नंबर 112 सहित विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के बारे में बताया जा रहा है।
सरकार की इस पहल के जरिए बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती देने के साथ बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।