पाकिस्तान के बाद अब पानी के लिए तरस सकता है बांग्लादेश! 12 दिसंबर को खत्म होगी गंगा जल संधि

Mukesh Kumar 25 Nov 2026 11:25 AM 1 Mins
पाकिस्तान के बाद अब पानी के लिए तरस सकता है बांग्लादेश! 12 दिसंबर को खत्म होगी गंगा जल संधि

पटना : पाकिस्तान के बाद अब बांग्लादेश के सामने भी पानी को लेकर मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा नदी के जल बंटवारे को लेकर 30 साल पहले हुई संधि 12 दिसंबर को समाप्त होने जा रही है। इस संधि के नवीनीकरण को लेकर भारत में विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। बिहार में सत्तारूढ़ जेडीयू ने साफ कर दिया है कि मौजूदा संधि को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए।

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने फरक्का जल संधि को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच गंगाजल के बंटवारे को लेकर समझौता हुआ था, लेकिन अब 12 दिसंबर को इसकी अवधि समाप्त होने वाली है। इसी सिलसिले में बैठक हुई थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह संधि भारत के हित में नहीं है और उनके पिता भी इस मुद्दे पर अपनी राय जाहिर कर चुके हैं। पार्टी की नीति है कि इस संधि का नवीनीकरण नहीं होना चाहिए।

दरअसल, भारत और बांग्लादेश के बीच 12 दिसंबर 1996 को तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 30 साल के लिए गंगा जल बंटवारे की संधि पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत पश्चिम बंगाल के फरक्का बैराज से गंगा के पानी का बंटवारा होता है। यह व्यवस्था मुख्य रूप से जनवरी से मई के शुष्क मौसम में लागू होती है।

इस संधि को लेकर बिहार में लंबे समय से सवाल उठाए जाते रहे हैं। जेडीयू नेताओं का तर्क है कि गंगा के पानी पर बिहार की जरूरतों को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। पेयजल, सिंचाई, उद्योग और बिजली उत्पादन के लिए राज्य में पानी की मांग बढ़ रही है। उधर, बांग्लादेश भी नए समझौते में अपने हिस्से के पानी की गारंटी चाहता है। 22 नवंबर को ढाका में दोनों देशों की संयुक्त समिति की बैठक हुई, लेकिन संधि के नवीनीकरण पर औपचारिक बातचीत नहीं हुई। 

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 12 दिसंबर के बाद भारत क्या फैसला लेगा? यदि पुरानी संधि का नवीनीकरण नहीं होता है तो बांग्लादेश को गंगा के पानी के बंटवारे के लिए नई व्यवस्था पर बातचीत करनी पड़ सकती है।  हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि बांग्लादेश को तत्काल पानी मिलना बंद हो जाएगा। भारत सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि सीमा पार नदियों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत का रास्ता खुला है।

India Bangladesh Water Treaty Ganga Water Sharing Farakka Barrage Nishant Kumar Statement Ganga Water Treaty Renewal

Recent News