पटना : बिहार में रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करने वाले युवाओं के लिए औद्योगिक विकास नई उम्मीद लेकर आ रहा है। राज्य में उद्योगों के विस्तार के लिए बड़े स्तर पर निवेश की पहल की जा रही है। बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIADA) के औद्योगिक क्षेत्रों में 40 बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं। इन परियोजनाओं में करीब 21,600 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है, जबकि इनके माध्यम से लगभग 23 हजार प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है।
BIADA के आंकड़ों के मुताबिक, औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार केवल पटना तक सीमित नहीं है। राज्य के 17 जिलों में अलग-अलग क्षेत्रों की औद्योगिक परियोजनाएं संचालित, निर्माणाधीन या प्रस्तावित हैं। इसके अलावा BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों से बाहर भी 19 बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं या पहले से संचालित हैं।
बिहार में देश के कई बड़े औद्योगिक समूह अपनी परियोजनाओं के जरिए निवेश कर रहे हैं। सीमेंट उद्योग में अंबुजा सीमेंट की नवादा और मुजफ्फरपुर, अल्ट्राटेक की बांका और भागलपुर तथा जेके लक्ष्मी सीमेंट की मधुबनी में परियोजनाएं शामिल हैं। ऊर्जा क्षेत्र में भागलपुर के पीरपैंती में अदाणी पावर का थर्मल पावर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस परियोजना के निर्माण के दौरान करीब 8,100 लोगों और संचालन शुरू होने के बाद लगभग 2,300 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।
खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में हल्दीराम, मदर डेयरी, आईटीसी, वरुण बेवरेजेस और अमूल से जुड़ी कैरा मिल्क यूनियन की परियोजनाएं भी शामिल हैं। वहीं, पेट्रोलियम और ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम का हथुआ में एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, मधुबनी में रिलायंस की बायोगैस परियोजना और HPCL रिन्यूएबल की योजनाएं आगे बढ़ रही हैं।
तकनीकी क्षेत्र में पटना में Ctrls और भारती एयरटेल के डेटा सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा सुप्रीम इंडस्ट्रीज और प्रिंस पाइप्स जैसी कंपनियां भी प्लास्टिक एवं पाइप उद्योग में निवेश कर रही हैं। बिहार में औद्योगिक विकास के साथ कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की उपज को स्थानीय स्तर पर ही प्रसंस्कृत कर बाजार तक पहुंचाना है। BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों में खाद्य प्रसंस्करण की 13 इकाइयां स्थापित हो रही हैं।
खगड़िया में मक्का क्लस्टर और स्टार्च उत्पादन, अररिया में आटा, मैदा और मखाना मिल, मुंगेर में डेयरी प्लांट तथा पटना और बिहटा में नमकीन, बिस्कुट और पेय पदार्थों से जुड़ी इकाइयां इस दिशा में महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, बक्सर, बेगूसराय और गोपालगंज में इथेनॉल प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। मधुबनी, मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) परियोजनाएं भी शामिल हैं। इनसे कृषि अवशेषों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर तैयार होने की संभावना है।
राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नौ औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने की योजना है। इनमें पटना, बिहटा, हाजीपुर, मोतीपुर, दरभंगा, बेगूसराय, पूर्णिया, गया और भागलपुर शामिल हैं। इसके जरिए मिथिलांचल, कोसी-सीमांचल, मगध और भोजपुर जैसे क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार करने की तैयारी है।
इन क्षेत्रों में सीमेंट, बिजली, टेक्सटाइल, सोलर मॉड्यूल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोसेंसर और लॉजिस्टिक्स जैसे उद्योगों को जगह दी जा रही है। पंडौल में टेक्सटाइल, बरियारपुर में सोलर मॉड्यूल, सिकंदरपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स और बायोसेंसर तथा भागलपुर और हाजीपुर में लॉजिस्टिक्स पार्क की योजनाएं शामिल हैं। मधुबनी में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग पार्क भी प्रस्तावित है।
औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। कई इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है, जबकि कुछ परियोजनाओं का निर्माण कार्य चल रहा है। कई कंपनियों को भूमि आवंटित कर अगले चरण की तैयारी की जा रही है।
कुल मिलाकर बिहार में करीब 21,600 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश और लगभग 23 हजार प्रत्यक्ष रोजगार के अनुमान ने राज्य के औद्योगिक विकास को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि, इन आंकड़ों को वास्तविक रोजगार में बदलना और परियोजनाओं को समय पर उत्पादन तक पहुंचाना अहम होगा। यदि योजनाएं निर्धारित समय पर जमीन पर उतरती हैं तो इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ दूसरे राज्यों की ओर होने वाले पलायन को कम करने में भी मदद मिल सकती है।