कोई परिवार नहीं, आम नागरिक है भारत का असली मालिक, संविधान दिवस पर विपक्ष पर बरसे योगी

Global Bharat 26 Nov 2026 05:06 PM 4 Mins
कोई परिवार नहीं, आम नागरिक है भारत का असली मालिक, संविधान दिवस पर विपक्ष पर बरसे योगी

लखनऊ : संविधान गौरव दिवस पर विपक्ष पर मुख्यमंत्री जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से सतर्क रहे। प्रदेश के 3,955 स्थलों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ हो गया है।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। संविधान ने प्रत्येक भारतीय को देश का वास्तविक संरक्षक बनाया है। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत अस्तित्व में है या वही देश का संरक्षक है। संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान 145 करोड़ भारतीयों का गौरव और मार्गदर्शक है। यह नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। भारत का संविधान दुनिया के विशिष्ट संविधानों में शामिल है, जिसने शुरुआत से ही जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा और लिंग के भेदभाव के बिना प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार दिया।

सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने और लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि उन्होंने संविधान पढ़ा होता तो देश की संप्रभुता के संरक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद कांग्रेस ने पहला संविधान संशोधन प्रेस की स्वतंत्रता को प्रभावित करने के लिए किया था। समय-समय पर अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए। ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है, जो संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं मिलने दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के प्रयास किए। वहीं, समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया गया था। बाद में प्रदेश सरकार ने दोबारा उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया।

उन्होंने महाराज सुहेलदेव, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर और राजा महेंद्र प्रताप सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार महापुरुषों के सम्मान और विरासत को संरक्षित करने का काम कर रही है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद संसद और संविधान को नमन किया था। नए संसद भवन में भी संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है। संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र भारतीय सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा की स्थापना, अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखना और संत रविदास की जन्मभूमि सीर गोवर्धन का विकास विरासत और विकास के समन्वय के उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी। युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिलते थे, नौकरियों में वसूली और पेपर लीक की घटनाएं होती थीं।

गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था और किसान परेशान थे। महिलाओं की सुरक्षा भी चुनौती बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू और उपद्रव के माहौल में विकास संभव नहीं है। कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था मजबूत करने के साथ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 स्थलों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई के कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने माउस का बटन दबाकर अभियान की शुरुआत की।

सीएम ने बताया कि प्रदेश में कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर विकास और सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किए जा रहे हैं। इन स्थलों पर प्रतिमाओं के आसपास साफ-सफाई, सुंदरीकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बाबा साहेब आंबेडकर, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के प्रति सम्मान प्रकट करने का प्रयास है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने संविधान के मूल्यों और आदर्शों पर आयोजित जनपद स्तरीय वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में शगुन श्रीवास्तव ने प्रथम, फाइजा ने द्वितीय और तुबा हनीस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में दिव्या प्रथम, हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राज तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सहित मंच पर मौजूद अतिथियों और उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। सभी ने देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण समेत कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Yogi Adityanath Constitution Day 2026 Constitution Gaurav Diwas Opposition Politics Dr Bhimrao Ambedkar Statue Beautification

Description of the author

Recent News