लखनऊ : समाजवादी पार्टी की ओर से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होते ही उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने उम्मीदवारों के चयन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर यह सूची कांग्रेस के 'बड़के भैया' को जवाब देने के लिए जारी की गई है या 'M' वाले इमरान भाई को खुश करने के लिए।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि अखिलेश यादव ओवैसी और चंद्रशेखर की राजनीतिक सक्रियता से घबरा गए हैं। इसी बेचैनी में उन्होंने पहली सूची में पांच में से चार मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दे दिया। राजभर के इस बयान ने सपा की उम्मीदवार चयन नीति और विपक्षी गठबंधन के भीतर चल रही खींचतान को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
राजभर ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है, लेकिन अखिलेश यादव ने जल्दबाजी में उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी। एक तरफ कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की पसंद वाली सीटों पर सपा अपने प्रत्याशी उतार रही है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के सामने गठबंधन बचाने और अपना राजनीतिक समीकरण बनाए रखने की चुनौती साफ दिखाई दे रही है। कांग्रेस को भी इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि बातचीत जारी रहने के दौरान उसकी पसंद की सीटों पर सपा उम्मीदवार घोषित कर रही है। मंत्री ने मुस्लिम उम्मीदवारों की संख्या को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली से पहले चार मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देना महज संयोग है या मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगने का डर।
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने उम्मीदवार तो सिर्फ पांच घोषित किए हैं, लेकिन उनकी घबराहट सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर दिखाई दे रही है। उनके इस हमले से यूपी में 2027 के चुनाव से पहले सपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक समीकरणों को लेकर बहस तेज हो गई है।