आइए न बिहार में...मंत्री के सामने मांगी 50 हजार की रिश्वत, सुनते रहे मंत्री, बोले- एक घंटे में सस्पेंड करो!

Global Bharat 01 Aug 2026 03:49 PM 1 Mins
आइए न बिहार में...मंत्री के सामने मांगी 50 हजार की रिश्वत,  सुनते रहे मंत्री, बोले- एक घंटे में सस्पेंड करो!

पटना : बिहार में भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डाटा एंट्री ऑपरेटर ने मंत्री के सामने ही 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत मांग ली. कर्मचारी को इस बात का अंदाज़ा तक नहीं था कि उसकी पूरी बातचीत स्पीकर फोन पर चल रही है और विभागीय मंत्री खुद हर शब्द सुन रहे हैं. जैसे ही रिश्वत मांगने की बात सामने आई, मंत्री ने तुरंत सख्त कार्रवाई का आदेश देते हुए कहा, एक घंटे के भीतर इसे सस्पेंड किया जाए. 

मामला अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग का है. विभागीय मंत्री लखेंद्र पासवान जनता की शिकायतें सुन रहे थे. इसी दौरान कुछ फरियादियों ने आरोप लगाया कि अनुदान की राशि जारी करने के बदले विभाग का एक डाटा एंट्री ऑपरेटर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है. शिकायत की सच्चाई जानने के लिए मंत्री ने मौके पर ही फरियादी से आरोपी कर्मचारी को फोन मिलवाया.

 फोन स्पीकर पर था और कमरे में मौजूद सभी लोग बातचीत सुन रहे थे. आरोप है कि बातचीत के दौरान कर्मचारी ने अनुदान की फाइल आगे बढ़ाने और भुगतान जारी कराने के बदले 50 हजार रुपये देने की बात कही. यह सुनते ही मंत्री लखेंद्र पासवान नाराज हो गए और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर किसी भी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

मंत्री ने संबंधित डाटा एंट्री ऑपरेटर को एक घंटे के भीतर निलंबित करने के निर्देश दिए और पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए. अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी कर्मचारी पहले भी इस तरह की वसूली करता था या नहीं. यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.

Bihar Bribery Case Lakhendra Paswan Data Entry Operator Bribe Bihar Corruption News Minister Orders Suspension

Description of the author

Recent News