पटना से दिल्ली सिर्फ 1615 रुपये में, 13 जिलों के यात्रियों को मिली नियमित बस सेवा, नहीं होगी परेशानी

Mukesh Kumar 27 Nov 2026 09:54 PM 1 Mins
पटना से दिल्ली सिर्फ 1615 रुपये में, 13 जिलों के यात्रियों को मिली नियमित बस सेवा, नहीं होगी परेशानी

पटना : बिहार से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब राज्य के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू कर दी गई है। शुक्रवार, 27 नवंबर को दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे पर आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इससे पहले बिहार और दिल्ली के परिवहन विभाग के अधिकारियों के बीच बस परिचालन को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सेवा से नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और अन्य कार्यों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, अंतरराज्यीय बस सेवा के लिए 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पीपीपी मॉडल के तहत 150 बसों का भी परिचालन किया जाएगा। कुल 18 मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

पटना से चार, मुजफ्फरपुर और गया से दो-दो मार्गों पर बसें चलेंगी। वहीं अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से भी दिल्ली के लिए बस सेवा निर्धारित की गई है।परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि पहले बस सेवाएं मुख्य रूप से पर्व-त्योहारों के दौरान संचालित होती थीं। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब इन्हें नियमित करने का निर्णय लिया गया है। वर्ष 2025 में त्योहारों के दौरान 210 निगम और पीपीपी बसें चलाई गई थीं, जबकि 2026 में दीपावली और छठ पर 155 बसों का परिचालन हुआ था।

बसों में चार श्रेणियों में किराया निर्धारित किया गया है। इनमें नॉन एसी सीटर, नॉन एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर शामिल हैं। पटना से दिल्ली का किराया नॉन एसी सीटर में 1,615 रुपये, नॉन एसी स्लीपर में 1,715 रुपये, एसी सीटर में 1,980 रुपये और एसी स्लीपर में 2,919 रुपये निर्धारित किया गया है।

मुजफ्फरपुर से दिल्ली का किराया 1,470 रुपये, गया से 1,555 रुपये, दरभंगा से 1,592 रुपये, पूर्णिया से 2,018 रुपये और भागलपुर से 1,917 रुपये नॉन एसी सीटर श्रेणी में निर्धारित है। बसों की समय-सारणी, अन्य मार्गों का किराया और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध होगी। यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Bihar Delhi Bus Service Bihar Bus Fare BSRTC Bus Booking Delhi Bus Routes Bihar Transport News

Recent News