J Ravinder Goud IPS Officer : उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी जे. रविंदर गौड का नाम उन अधिकारियों में शुमार होने लगा है, जिनकी प्रशासनिक पकड़ और कार्यशैली ने लगातार सरकारों के बीच अपनी जगह बनाए रखी है। अखिलेश यादव की सरकार हो या योगी आदित्यनाथ का शासन, रविंदर गौड को लगातार महत्वपूर्ण जिलों और अहम पदों की जिम्मेदारी मिलती रही है। करीब डेढ़ दशक से अधिक के उनके करियर में प्राइम पोस्टिंग का सिलसिला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जे. रविंदर गौड की प्रभावशाली पोस्टिंग का दौर वर्ष 2012 से दिखाई देता है। अखिलेश सरकार के कार्यकाल में उन्हें लखनऊ, अलीगढ़, बरेली और मेरठ जैसे महत्वपूर्ण जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की जिम्मेदारी मिली। ये जिले कानून-व्यवस्था और राजनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। इन जिलों में उनकी तैनाती ने उन्हें प्रदेश के प्रमुख पुलिस अधिकारियों की कतार में खड़ा किया।
वर्ष 2017 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी। इसके बावजूद मेरठ में तैनात जे. रविंदर गौड को तत्काल नहीं हटाया गया। योगी सरकार के शुरुआती दिनों में मेरठ के बूचड़खानों पर कार्रवाई और उन्हें बंद कराने को लेकर उनका नाम चर्चा में आया। इसके बाद उन्हें मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया। आगे चलकर गोरखपुर में डीआईजी और आईजी के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
उनके करियर का दायरा यहीं नहीं रुका। आगरा और गाजियाबाद जैसे बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उन्हें नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की कमान सौंपी गई है। नोएडा उत्तर प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण और हाईप्रोफाइल पुलिस कमिश्नरेट में शामिल है। यहां औद्योगिक गतिविधियों, बड़े निवेश, साइबर अपराध, संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था की चुनौतियां लगातार बनी रहती हैं। ऐसे में जे. रविंदर गौड की तैनाती को उनके प्रशासनिक अनुभव पर भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है।