नौकरी भी, पढ़ाई भी! डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए खुला पीजी का रास्ता, जनवरी से शुरू होगा खास कोर्स

Mukesh Kumar 27 Nov 2026 05:32 PM 3 Mins
नौकरी भी, पढ़ाई भी! डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए खुला पीजी का रास्ता, जनवरी से शुरू होगा खास कोर्स

देहरादून : उत्तराखंड में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय (एचएनबीयूएमयू), देहरादून और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ (आईआईपीएच), दिल्ली के बीच संयुक्त रूप से एक्जीक्यूटिव पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम इन पब्लिक हेल्थ मैनेजमेंट संचालित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू पर नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हस्ताक्षर किए गए।

दोनों प्रतिष्ठित संस्थानों की ओर से संयुक्त रूप से संचालित यह एक वर्षीय ब्लेंडेड लर्निंग कार्यक्रम जनवरी 2027 से शुरू होगा। इसका उद्देश्य डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनस्वास्थ्य अधिकारियों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अन्य पेशेवरों को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। साथ ही, प्रशिक्षित और कुशल जनस्वास्थ्य कार्यबल तैयार करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता इसका ब्लेंडेड लर्निंग प्रारूप है। इसके माध्यम से प्रतिभागी अपनी नियमित नौकरी और विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उच्च शिक्षा हासिल कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपनी मौजूदा सेवा से अवकाश लेकर पूर्णकालिक पढ़ाई करने की आवश्यकता नहीं होगी।

कार्यक्रम में ऑनलाइन पढ़ाई के साथ निर्धारित संपर्क सत्र भी शामिल होंगे, जिनका आयोजन एचएनबीयूएमयू, देहरादून में किया जाएगा। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य प्रबंधन, नेतृत्व विकास, वित्तीय प्रबंधन, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की योजना और क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत बनाने से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी जाएगी।

इस अवसर पर एचएनबीयूएमयू की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में सुधार के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों एवं पेशेवरों की क्षमता का निरंतर विकास बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ, दिल्ली के सहयोग से एक्जीक्यूटिव पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम इन पब्लिक हेल्थ मैनेजमेंट शुरू करने की पहल की है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से प्रतिभागियों को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर योजना निर्माण और साक्ष्य आधारित निर्णय लेने का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल राज्य की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को और मजबूत करेगी तथा आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में योगदान देगी।

इस अवसर पर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ, दिल्ली की निदेशक ज्योति शर्मा ने कहा कि एचएनबीयूएमयू के साथ यह शैक्षणिक साझेदारी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्र में नए अवसर खोलेगी। आईआईपीएच दिल्ली का शैक्षणिक अनुभव, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रतिभागियों को जनस्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रबंधन और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि इस साझेदारी से स्वास्थ्य क्षेत्र के पेशेवरों के लिए उच्च शिक्षा और व्यावसायिक कौशल विकास के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, भविष्य के लिए सक्षम और कुशल जनस्वास्थ्य कार्यबल तैयार करने में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के निदेशक डॉ. पंकज सिंह, सहायक निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखंड तथा ओएसडी (रिसर्च एंड प्लानिंग), एचएनबीयूएमयू ने बताया कि इस कार्यक्रम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की योजना और क्रियान्वयन, रोग निगरानी एवं महामारी प्रबंधन, स्वास्थ्य नीति, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत बनाने और साक्ष्य आधारित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल का दीर्घकालिक उद्देश्य केवल व्यक्तिगत स्तर पर प्रशिक्षण और क्षमता विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रशिक्षित, कुशल और सक्षम जनस्वास्थ्य कार्यबल तैयार करना भी है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियां लगातार बदल रही हैं। संक्रामक और गैर-संक्रामक बीमारियों का बढ़ता बोझ, महामारी एवं आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग और स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता के चलते प्रशिक्षित जनस्वास्थ्य प्रबंधकों की मांग बढ़ी है।

एचएनबीयूएमयू और आईआईपीएच, दिल्ली की यह संयुक्त शैक्षणिक पहल उत्तराखंड में जनस्वास्थ्य शिक्षा, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्यक्रम से न केवल उत्तराखंड में कार्यरत स्वास्थ्य पेशेवरों, बल्कि देश के अन्य राज्यों में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावसायिक क्षमता विकास का अवसर मिलेगा।

एचएनबीयूएमयू और आईआईपीएच, दिल्ली के बीच यह शैक्षणिक सहयोग सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगा। दोनों संस्थानों की शैक्षणिक क्षमताओं के समन्वय से प्रतिभागियों को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं को समझने और स्वास्थ्य क्षेत्र की वास्तविक चुनौतियों के समाधान के लिए व्यावहारिक उपाय विकसित करने का अवसर मिलेगा।

Public Health Management HNBUMU IIPH Delhi Healthcare Education Uttarakhand Health Services

Recent News