''मुझ पर बुलडोजर चला दो...'' अभिषेक के घर पर हमले के बाद भाजपा पर भड़कीं ममता बनर्जी

Amanat Ansari 07 Nov 2026 05:40 PM 1 Mins
''मुझ पर बुलडोजर चला दो...'' अभिषेक के घर पर हमले के बाद भाजपा पर भड़कीं ममता बनर्जी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास पर हुए कथित हमले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला. अभिषेक से मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए ममता ने चुनौती देते हुए कहा, ''आपके पास कितने बुलडोजर हैं? आइए, मैं आपके ठीक सामने खड़ी हूं. मेरे शरीर पर, मेरी छाती पर बुलडोजर चला दीजिए. मैं देखना चाहती हूं कि आप कितने बहादुर हैं.''

अभिषेक का आरोप

यह घटना रात करीब 2 बजे की है. अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि दो दिनों तक लगातार टोह (recce) लेने के बाद भाजपा समर्थित गुंडों ने कालीघाट रोड स्थित उनके आवास पर हमला किया. उन्होंने इसे जानलेवा हमला बताया. अपने एक्स पोस्ट में डायमंड हार्बर सांसद ने लिखा, ''दो दिनों की लगातार रेकी के बाद आज सुबह 2 बजे भाजपा के गुंडों ने मेरे घर पर हमला किया. फुटेज देख लीजिए. अगर एक चुने हुए सांसद के साथ ऐसा हो सकता है, तो आम आदमी की स्थिति क्या होगी. पिछले छह महीनों में यह मेरी जान लेने की सातवीं कोशिश है. फिर भी पुलिस कार्रवाई और न्यायिक हस्तक्षेप नहीं हुआ.''

काली पूजा पर भी आरोप

ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि कालीघाट इलाके में पारंपरिक काली पूजा के आयोजन में बाधा डाली जा रही है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही कुछ पूजाओं की अनुमति रद्द कर दी गई है, जबकि मुख्य सड़क पर एक नई शुरू की गई पूजा को अनुमति दे दी गई. उन्होंने सवाल किया कि यह इलाका काली पूजा के जुलूसों का पारंपरिक मार्ग है, फिर काली पूजा और दिवाली से पहले उत्सव में बाधा क्यों डाली जा रही है.

ममता ने आरोप लगाया कि स्थानीय क्लबों को अपनी गतिविधियां करने से रोका गया और भाजपा गुंडागर्दी के जरिए इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि नई पूजा को मुख्य सड़क पर आयोजित करने की अनुमति दी गई, जबकि पहले यह परिसर के अंदर होती थी. इस बदलाव से उनके अपने आयोजन तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया है.

Recent News