मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक संदिग्ध अपहरण का मामला आखिरकार प्रेम संबंध निकला. 7 फरवरी को अलीगढ़ साइबर क्राइम सेल में तैनात 25 वर्षीय महिला कांस्टेबल अपनी शादी से ठीक पहले घर से गायब हो गई. परिवार ने इसे अपहरण मानकर हत्या के आरोपी अंकित चौहान, जो जमानत पर बाहर था के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. लेकिन पुलिस जांच में पता चला कि महिला कांस्टेबल और अंकित चौहान के बीच पहले से प्रेम संबंध थे.
दोनों ने अपनी मर्जी से भागकर शादी रचाने का फैसला किया था. इस घटना से इलाके में काफी हड़कंप मच गया, जानकारी के अनुसार, महिला की किसी स्थानीय युवक से सगाई हो चुकी थी और उनकी शादी रविवार को तय थी. लेकिन शनिवार रात को वह अचानक घर से गायब हो गई. परिवार ने शक के आधार पर अंकित चौहान पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी.
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की और एक टीम गठित की. शुरुआत से ही पुलिस को शक था कि यह अपहरण नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग में भागने का मामला है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने भी प्रेस को इस संबंध की पुष्टि की. एक दिन बाद पुलिस ने महिला को ढूंढ निकाला और थाने पर लाकर उसका बयान दर्ज किया. बयान के बाद वह अपने माता-पिता के साथ चली गई.
इसी बीच पुलिस अंकित चौहान की तलाश में जुटी थी. शुरू में उसे गिरफ्तार करने की योजना थी, लेकिन चौहान पुलिस से बचते हुए मंगलवार को जिला सत्र न्यायालय में खुद सरेंडर कर गया. पुलिस ने पहले से ही कोर्ट के आसपास घेराबंदी कर रखी थी, लेकिन उसने कोई प्रतिरोध नहीं किया.