Ballia Rasra Inspector Viral Video : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र में मुहर्रम को लेकर आयोजित पीस कमेटी की बैठक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में रसड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह कथित तौर पर ऐसा बयान देते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस छिड़ गई है. हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
जानकारी के मुताबिक, मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाने पर विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, स्थानीय गणमान्य लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी. रसड़ा क्षेत्र को संवेदनशील इलाकों में गिना जाता है, इसलिए प्रशासन पहले से ही कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरत रहा है.
वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर योगेंद्र बहादुर सिंह यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि सारे गुंडे मिट्टी में मिल गए और मिट्टी में मिलते चले जा रहे हैं. जो नए-नए गुंडे पैदा हो रहे हैं, वे भी मिट्टी में मिल जाएंगे. उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे अपराधियों के खिलाफ सख्त चेतावनी बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के पद की गरिमा के अनुरूप नहीं मान रहे हैं.
राजनीतिक गलियारों में भी इस बयान की चर्चा शुरू हो गई है. विपक्षी दलों के समर्थकों ने इसे सत्ता के प्रभाव में दी गई आक्रामक टिप्पणी बताया है, जबकि कानून-व्यवस्था के पक्षधर लोग इसे अपराध नियंत्रण के प्रति सख्त संदेश के रूप में देख रहे हैं.
गौरतलब है कि इंस्पेक्टर योगेंद्र बहादुर सिंह पूर्व में भी अपने कार्यकाल के दौरान कुछ विवादों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और वीडियो की सत्यता की पुष्टि होना बाकी है.