गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शादी के महज 14 दिन बाद एक दुल्हन के मायके चले जाने का मामला सामने आया है. पति का आरोप है कि पत्नी ने शादी के बाद ही उससे साफ कह दिया था कि वह अपने प्रेमी को नहीं छोड़ सकती. पति के मुताबिक, उसने पत्नी को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही. मामला कौशांबी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
पति का कहना है कि जब बातचीत से कोई समाधान नहीं निकला तो उसने पत्नी के परिवारवालों को पूरी बात बताई. आरोप है कि पत्नी के भाइयों ने इस बात से नाराज होकर उसके साथ मारपीट की. पति ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है
पीड़ित पति के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. उसका आरोप है कि पत्नी लगातार अपने प्रेमी के संपर्क में थी और उसने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया. पति का दावा है कि उसने रिश्ते को बचाने और विवाद खत्म करने के लिए पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी.
पति ने यह भी आरोप लगाया है कि अब उसकी पत्नी उसे और उसके परिवार के सदस्यों को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे रही है. इस कथित धमकी के बाद पति ने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार लगाई है.
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पति और पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि शादी के बाद दोनों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है.
घटना के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. पति ने अधिकारियों से मांग की है कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई की जाए और उसे तथा उसके परिवार को धमकियों से सुरक्षा दी जाए.