लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है. इसी बीच योगी सरकार के राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कई विवादित टिप्पणियां कीं. रघुराज सिंह ने यहां तक दावा किया कि अगर अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न के बिना मैदान में उतरें, तो वह गांव के प्रधान का चुनाव भी नहीं जीत पाएंगे.
रघुराज सिंह ने सपा की मौजूदा स्थिति पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अब सिर्फ एक वोट बैंक पर निर्भर है और पार्टी की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो चुकी है. सपा के अंदर अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के रिश्तों का जिक्र करते हुए मंत्री ने दावा किया कि अखिलेश का पार्टी पर इतना प्रभाव है कि वह शिवपाल यादव को लोहिया ट्रस्ट से ही नहीं, बल्कि आगे चलकर घर से भी बाहर कर सकते हैं.
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए रघुराज सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी दोनों राजनीतिक विरासत का लाभ उठा रहे हैं. उन्होंने राहुल गांधी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की और कहा कि अगर वह किसी सामान्य परिवार में पैदा हुए होते तो शायद गाय-भैंस पाल रहे होते. उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी को जनता नकार चुकी है और वह प्रधानमंत्री नहीं बन सकते.
वहीं, मंत्री ने योगी सरकार के कामकाज का हवाला देते हुए करीब 9.5 लाख सरकारी नौकरियां दिए जाने का दावा किया. उन्होंने श्रम विभाग और फैक्ट्रियों के जरिए करीब 30 लाख रोजगार मिलने की बात भी कही. रघुराज सिंह ने इन उपलब्धियों को सरकार की विकास नीति से जोड़ते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है.
इसके साथ ही उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत का दावा किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्होंने उन्हें “कलियुग का अवतार” तक बताया.