'मेरी शादी नहीं करा रहे, अब ढूंढना मत' गोरखपुर में पत्र छोड़ 15 साल की नाबालिग छात्रा प्रेमी के साथ फरार

Rahul Jadaun 17 Sep 2026 02:51 PM 2 Mins
'मेरी शादी नहीं करा रहे, अब ढूंढना मत' गोरखपुर में पत्र छोड़ 15 साल की नाबालिग छात्रा प्रेमी के साथ फरार

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खजनी थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। दो दिनों तक तलाश करने के बाद जब परिजनों ने छात्रा का स्कूल बैग चेक किया, तो कॉपी में लिखा एक भावुक नोट मिला। नोट में किशोरी ने लिखा कि परिवार वाले उसकी शादी नहीं करा रहे थे, इसलिए वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जा रही है और कोई उसकी तलाश न करे। मामले में छात्रा के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

स्कूल बैग से खुला राज, कॉपी में छोड़ा खत

घटना खजनी थाना क्षेत्र की है। 13 सितंबर को 15 वर्षीय छात्रा रोजाना की तरह स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारियों और आसपास दो दिनों तक उसकी काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान जब परिजनों ने उसके स्कूल बैग की तलाशी ली, तो नोटबुक में लिखा एक नोट देखकर उनके होश उड़ गए।

छात्रा ने नोट में लिखा था— "मैं अपनी स्वेच्छा से प्रेमी के साथ जा रही हूं। आप लोग मेरी शादी नहीं कर रहे थे, मैं उसके साथ खुश हूं। कृपया आप लोग मेरी या उसकी तलाश न करें, इसमें उसका कोई दोष नहीं है।"

स्कूल आते-जाते हुआ था प्रेम प्रसंग, देता था धमकी

जानकारी के मुताबिक, छात्रा का स्कूल आते-जाते वक्त गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। परिजनों को जब इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने किशोरी को समझाने और रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। परिजनों का यह भी आरोप है कि युवक पहले भी धमकी देता था कि वह एक दिन लड़की को भगा ले जाएगा और उससे शादी करेगा।

भाई ने दर्ज कराया किडनैपिंग का केस, पुलिस तलाश में जुटी

नोट मिलने के बाद किशोरी के बड़े भाई ने सीधे खजनी थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी। भाई का आरोप है कि गांव के युवक ने उसकी नाबालिग बहन को प्रेम जाल में फंसाकर उसका अपहरण किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

खजनी थाना प्रभारी का बयान:

"किशोरी के भाई की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। पुलिस की टीमें सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से दोनों की लोकेशन ट्रैक कर रही हैं। जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।"

#Gorakhpur #GorakhpurNews #UPPolice #CrimeNews #Khajani #UPCrime #BreakingNewsHindi

Recent News