नई दिल्ली: अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने एक बार फिर विवादित बयान देकर चर्चा में आ गई हैं. उन्होंने खुलासा किया कि साल 2019 में सुप्रीम कोर्ट के राम जन्मभूमि फैसले के बाद उन्हें हिंदू होने के नाते बहुत शर्मिंदगी महसूस हुई थी. फैसले के तुरंत बाद उन्होंने शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान समेत अपने सभी मुस्लिम दोस्तों से माफी मांगी थी.
‘द मिडनाइट आवर’ पॉडकास्ट में स्वरा भास्कर ने कहा कि वे इस फैसले से परेशान थीं. उन्हें फैसला सही नहीं लगा और वे चाहती थीं कि उनके मुस्लिम दोस्तों को पता हो कि वे इससे सहमत नहीं हैं. इसलिए उन्होंने फैसला आने के तुरंत बाद अपने सभी मुस्लिम दोस्तों से संपर्क किया.
स्वरा ने क्या मैसेज भेजा था?
स्वरा ने बताया कि उन्होंने सभी मुस्लिम दोस्तों को यह मैसेज भेजा था, ''एक हिंदू होने के नाते, मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मुझे सच में बहुत खेद है, मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हो रही है और मैं इस फैसले से सहमत नहीं हूं.'' इस बयान के सामने आने के बाद स्वरा सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रही हैं. यूजर्स ने लिखा, ''स्वरा भास्कर राम मंदिर के फैसले से परेशान थीं. कभी-कभी मुझे सच में उनके लिए बुरा लगता है.'' ''सुर्खियों में रहने के लिए कुछ भी कहती हैं.'' ''हमें भी शर्म आती है आपको हिंदू कहते हुए.''
क्या था सुप्रीम कोर्ट का फैसला?
9 नवंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की बेंच ने सर्वसम्मति से विवादित जमीन राम मंदिर बनाने के लिए सौंप दी थी. कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया था कि सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को मस्जिद के लिए पांच एकड़ वैकल्पिक जमीन दी जाए. स्वरा भास्कर का यह बयान एक बार फिर उनके राजनीतिक और सामाजिक रुख को लेकर चर्चा का विषय बन गया है.