अयोध्या: महानायक अमिताभ बच्चन अपने दिवंगत पिता स्व. हरिवंश राय बच्चन की याद में सरयू तट के निकट एक आधुनिक धर्मशाला बनवाने जा रहे हैं. करीब 5000 वर्ग मीटर क्षेत्र में प्रस्तावित इस धर्मशाला में 32 कमरे होंगे, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे.
हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट के डायरेक्टर राजेश ऋषी यादव ने कुछ दिन पहले अयोध्या विकास प्राधिकरण में धर्मशाला के निर्माण का मानचित्र और आवेदन प्रस्तुत किया है. प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और संबंधित क्षेत्र के लोगों से 15 दिनों के अंदर आपत्तियां मांगी गई हैं. आपत्तियां आने पर उनका निस्तारण कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
यह धर्मशाला दशरथ पथ पर ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट के तहत अमिताभ बच्चन द्वारा करीब 15 करोड़ रुपए में खरीदी गई जमीन पर बनेगी. प्राधिकरण के सचिव राजेश मिश्र ने बताया कि अभी पंजीकरण शुल्क जमा हो चुका है, मानचित्र संबंधी शुल्क बाद में लिया जाएगा.
अधिकारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अक्टूबर 2026 के आसपास निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. बता दें कि अमिताभ बच्चन के पास अयोध्या में कई अन्य जमीनें भी हैं, जिनमें ‘द सरयू’ लक्जरी प्रोजेक्ट के पास 35 करोड़ में खरीदी गई 2.67 एकड़ जमीन शामिल है. राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर भी अमिताभ बच्चन बेटे अभिषेक के साथ अयोध्या आए थे.