मनेर एनकाउंटर पर बवाल! 3 शूटरों के शव पहुंचते ही अस्पताल में तोड़फोड़-पथराव, मीसा भारती पहुंचीं

Amanat Ansari 06 Nov 2026 04:25 PM 1 Mins
मनेर एनकाउंटर पर बवाल! 3 शूटरों के शव पहुंचते ही अस्पताल में तोड़फोड़-पथराव, मीसा भारती पहुंचीं

पटना: मनेर में शुक्रवार सुबह एसटीएफ की मुठभेड़ में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड के तीन आरोपियों को मार गिराए जाने के बाद भारी बवाल हो गया. मृतकों के परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर करार दिया. दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में आक्रोशित लोगों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव किया. राजद की पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती भी मौके पर पहुंचीं.

एनकाउंटर पर सवाल

शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे मनेर के शेरपुर गंगा घाट के पास पटना एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. इसमें जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा शर्मा मारे गए. ये तीनों 19 अक्टूबर को नवरात्रि के महाअष्टमी की रात पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के आरोपी थे. मुठभेड़ में मनेर थानेदार भी घायल हो गए.

अस्पताल में हंगामा

तीनों के शव जब दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे तो सुबह 10 बजे से हंगामा शुरू हो गया. परिजनों ने शवों को एंबुलेंस से बाहर निकालने और पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह फर्जी एनकाउंटर है. जब पुलिस ने शव निकालने की कोशिश की तो झड़प हो गई.

आक्रोशित भीड़ ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ की. पुलिस के अतिरिक्त बल पहुंचने पर पथराव शुरू हो गया. कई पुलिस वाहनों के शीशे टूट गए और कुछ जवान घायल हो गए. पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा. परिजनों की मांग थी कि पोस्टमार्टम दानापुर अस्पताल में ही हो, जबकि पुलिस पटना एम्स भेजना चाहती थी.

मीसा भारती पहुंचीं

राजद सांसद मीसा भारती मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित परिजनों से बात की. उन्होंने एनकाउंटर को गलत बताया और इसकी न्यायिक जांच की मांग की. परिजनों ने मीसा भारती से शवों का पोस्टमार्टम दानापुर में कराने की अपील की.

बाद में शवों को पटना एम्स भेज दिया गया, जहां तीन डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम करेगी. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. यह घटना पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के सिर्फ 19 दिन बाद हुई है, जिसमें बाइक सवार हमलावरों ने संजीत कुमार को उनके घर के दालान में गोली मार दी थी.

Recent News