बिहार में गंभीर बीमारियों के लिए राहत: सीएम चिकित्सा सहायता कोष की सीमा 2.5 लाख से बढ़ाकर 4 लाख की गई

Amanat Ansari 02 Nov 2026 10:03 PM 1 Mins
बिहार में गंभीर बीमारियों के लिए राहत: सीएम चिकित्सा सहायता कोष की सीमा 2.5 लाख से बढ़ाकर 4 लाख की गई

कैमूर/पटना: बिहार सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए बड़ा राहत भरा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष (सीएमएमएएफ) के तहत अब गंभीर और असाध्य बीमारियों के इलाज के लिए अधिकतम सहायता राशि 2.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दी गई है. इससे कैंसर, किडनी, हृदय, लीवर, न्यूरो सहित अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

नई व्यवस्था लागू होने से महंगे इलाज का बोझ कम होगा और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सरकारी तथा निजी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. योजना का लाभ निर्धारित पात्रता रखने वाले मरीजों को आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद दिया जाएगा. बीमारी की प्रकृति और इलाज की लागत के आधार पर सहायता राशि स्वीकृत की जाएगी.

मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष के तहत कैंसर, किडनी, हृदय, लीवर और न्यूरो जैसी बीमारियों के इलाज में ऑपरेशन, कीमोथेरेपी, डायलिसिस, दवाओं और अन्य चिकित्सा प्रक्रियाओं पर होने वाले बड़े खर्च में सहायता दी जाती है. सहायता की अधिकतम सीमा बढ़ाए जाने से मरीजों के परिजनों पर इलाज के खर्च का दबाव कम होगा.

जयप्रभा मेदांता में भी लाभ

राज्य सरकार के साथ हुए समझौते के तहत जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, कंकड़बाग (पटना) में आरक्षित 25 प्रतिशत बेड पर रेफरल के माध्यम से बिहार के मरीजों को इलाज की सुविधा दी जाती है. यहां भर्ती होने वाले मरीजों के लिए भी आय सीमा बढ़ाकर चार लाख रुपये कर दी गई है. ऐसे मरीज, जिनके इलाज पर होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करती है, वे भी नई व्यवस्था के तहत योजना का लाभ उठा सकेंगे.

सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक ने बताया कि आय सीमा बढ़ाए जाने से बड़ी संख्या में ऐसे मरीज योजना के दायरे में आ जाएंगे, जो अब तक आय सीमा के कारण इसका लाभ नहीं ले पा रहे थे. इससे जिले के अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का लाभ मिल सकेगा.

Recent News