लिफ्ट देने के बहाने छात्रा को स्कॉर्पियो में बैठाया, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म, 12 घंटे में सम्राट की पुलिस ने दबोचा

Amanat Ansari 01 Nov 2026 06:02 PM 1 Mins
लिफ्ट देने के बहाने छात्रा को स्कॉर्पियो में बैठाया, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म, 12 घंटे में सम्राट की पुलिस ने दबोचा

शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में कोचिंग से लौट रही एक नाबालिग छात्रा से लिफ्ट देने के बहाने स्कॉर्पियो में दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल गाड़ी भी जब्त कर ली है.

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम शहर के आरडी कॉलेज मोड़ पर कोचिंग खत्म होने के बाद छात्रा घर जाने के लिए खड़ी थी. तभी जखराज स्थान निवासी शशिभूषण सिंह का पुत्र अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार अपनी स्कॉर्पियो में पहुंचा और उसे लिफ्ट देकर घर छोड़ने की बात कही. छात्रा ने पहले मना कर दिया, लेकिन आरोपी ने अपने मोबाइल से उसके परिजनों को फोन किया. फोन न उठने पर उसने सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद छात्रा गाड़ी में बैठ गई.

घर ले जाने के बजाय आरोपी गाड़ी को सुनसान भदौस के आगे मदारी रोड की तरफ ले गया और चलती स्कॉर्पियो के अंदर छात्रा से दुष्कर्म किया. इसके बाद उसे पचना गांव के पास झारखंड मंदिर मोड़ के समीप बेहोशी की हालत में फेंककर फरार हो गया. रात में छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई.

एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर उसे लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया. वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो (नंबर BR-01-KJ-2095) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.

छात्रा की मेडिकल जांच कराई गई है और एफएसएल टीम ने गाड़ी व घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी. यह घटना लिफ्ट लेने के दौरान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अजनबियों से लिफ्ट लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत परिवार या पुलिस को सूचित करें.

Recent News