पटना/नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी ने लालू यादव के स्वास्थ्य का हाल जाना. लालू यादव ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक X हैंडल पर शेयर कीं और यूपीए सरकार के दिनों की यादें ताजा कीं.
लालू प्रसाद यादव ने पोस्ट में लिखा, “आदरणीय मैडम श्रीमती सोनिया गांधी जी ने आवास पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की. इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं. स्मरण किया कि कैसे UPA सरकार के दिनों में हम लोगों ने युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के लिए पारदर्शी व जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की तथा मनरेगा, RTE, RTI जैसी कानूनों से देशवासियों को सशक्त किया गया.
सरदार मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए हम लोगों ने कैसे 1 लाख 45 हजार करोड़ से अधिक की धनराशि दी.” मुलाकात मीसा भारती के आवास पर हुई. तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू यादव रूटीन मेडिकल चेक-अप के लिए दिल्ली आए थे और सोनिया गांधी उनकी तबीयत का हाल जानने पहुंची थीं. दोनों परिवारों के पुराने रिश्ते रहे हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देते रहे हैं.
बता दें कि मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (RTE) और सूचना का अधिकार (RTI) यूपीए सरकार के कार्यकाल में लागू हुए थे. यूपीए सरकार में लालू यादव केंद्रीय रेल मंत्री भी रहे थे और उनकी पार्टी प्रमुख सहयोगी थी. यह मुलाकात INDIA गठबंधन की रैली के एक दिन बाद हुई है.