पटना: एक तरफ दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की जोरदार रैली चल रही थी, वहीं दूसरी तरफ पटना स्थित बिहार कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में दिल्ली पुलिस ने अचानक दस्तक दे दी. रविवार को दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल की टीम ने करीब एक घंटे तक परिसर में छानबीन की और नोटिस चिपकाकर जवाब तलब किया.
यह कार्रवाई चुनाव के दौरान बिहार कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल (@INCBihar) से पोस्ट किए गए एक विवादित AI-जनरेटेड वीडियो के मामले में की गई है. आरोप है कि इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां उन्हें काम करने की सलाह देती नजर आ रही थीं. इस पोस्ट को लेकर आपत्ति दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जांच शुरू की थी.
दिल्ली पुलिस की टीम ने सदाकत आश्रम पहुंचकर पार्टी के सोशल मीडिया और X हैंडल का संचालन कौन करता है, इसकी पड़ताल की. परिसर में औपचारिक नोटिस चस्पा कर सोशल मीडिया हैंडल से जुड़े मोबाइल नंबर और सिम की जानकारी मांगी गई. मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने बिहार कांग्रेस से जुड़े अमित कुमार मंडल को समन भेजा है. उन्हें 5 नवंबर को सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित स्पेशल सेल कार्यालय में जांच में शामिल होने का निर्देश दिया गया है. साथ ही संबंधित मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और इस्तेमाल किए गए उपकरणों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है.
जिस समय पटना में दिल्ली पुलिस की टीम छानबीन कर रही थी, उसी समय दिल्ली में राहुल गांधी की रैली को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज थीं. ऐसे वक्त में बिहार कांग्रेस मुख्यालय में दिल्ली पुलिस की एंट्री से राजनीतिक बयानबाजी और गरमा गई है. कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताया जा रहा है, जबकि पुलिस जांच को आगे बढ़ाने पर जोर दे रही है.