थाने में रक्षक बना भक्षक: शिकायत लेकर पहुंची महिला से रेप, थाना प्रभारी समेत 15 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Amanat Ansari 02 Nov 2026 11:54 AM 1 Mins
थाने में रक्षक बना भक्षक: शिकायत लेकर पहुंची महिला से रेप, थाना प्रभारी समेत 15 पुलिसकर्मी सस्पेंड

सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. घरेलू विवाद की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला पर थाने में तैनात सिपाही नीरज लकड़ा ने रेप करने का आरोप लगाया है. मामले की शिकायत के बाद एसपी ने थाना प्रभारी समेत 15 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.

पीड़िता के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात वह अपने पति के साथ बाजार गई थी. लौटते समय पति से कहासुनी हो गई. शराब पीकर मारपीट की आशंका से डरकर महिला रात करीब 9:30 बजे बारिश के कारण एसिड प्लांट गेट के पास रुक गई. स्थानीय महिला की मदद से पुलिस को फोन किया. गम्हरिया थाने की पीसीआर गाड़ी मौके पर पहुंची और महिला को रात 12 बजे थाने ले आई. थाने में अधिकारियों ने बगल के कमरे में आराम करने को कहा. उसी दौरान वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा आया और रेप किया.

पीड़िता के शोर मचाने पर चार पुलिसकर्मी पहुंचे, लेकिन बिना मदद किए चले गए. आत्मरक्षा में पीड़िता ने फल काटने के लिए रखे चाकू से आरोपी की उंगली काट दी. आरोपी के खून के धब्बे पीड़िता के कपड़ों पर भी हैं. अगले दिन सुबह एक पुलिसकर्मी ने आरोपी से 700 रुपये मांगकर पीड़िता को दिए और ऑटो में बैठाकर स्टेशन भेज दिया. उसे डराया-धमकाया भी गया. घर पहुंचकर पीड़िता ने पूरी घटना बताई और शुक्रवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई.

सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी गई है. थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह, हवलदार मुनेश्वर कुमार और आरक्षी संतोष राय को कर्तव्य में चूक के आरोप में सस्पेंड किया गया है. आरोपी नीरज लकड़ा को भी सस्पेंड कर गिरफ्तार कर लिया गया है. घटनास्थल वाले कमरे को सील कर दिया गया है. पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है.

Recent News