KGMU धर्मांतरण रैकेट का आगरा SN मेडिकल कॉलेज से निकला कनेक्शन, STF ने MBBS छात्रों का रिकॉर्ड ले लिया

Amanat Ansari 01 Nov 2026 05:19 PM 1 Mins
KGMU धर्मांतरण रैकेट का आगरा SN मेडिकल कॉलेज से निकला कनेक्शन, STF ने MBBS छात्रों का रिकॉर्ड ले लिया

आगरा: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में धर्मांतरण और महिला डॉक्टरों के यौन शोषण के मामले की जांच में आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SN मेडिकल कॉलेज) का कनेक्शन भी सामने आया है. जांच के दायरे में आए डॉ. रमीजुद्दीन (रमीज) को KGMU मामले के मुख्य आरोपी डॉ. अनीस का करीबी बताया जा रहा है.

रमीज ने वर्ष 2012 में SN मेडिकल कॉलेज में MBBS में प्रवेश लिया था. उस दौरान कॉलेज में ‘इस्लामिक मेडिकोज’ नाम से एक समूह सक्रिय था. सूत्रों के मुताबिक, इस समूह से जुड़े लोगों ने ‘इस्लामिक मेडिकोज’ नाम से एक किताब भी प्रकाशित की थी, जिसमें 2012 से 2016 बैच तक के मेडिकल छात्रों का विवरण शामिल था. इस सूची में डॉ. रमीज का नाम भी दर्ज था. रमीज ने MBBS की पढ़ाई के दौरान कॉलेज में एक साल तक रेजिडेंट के तौर पर भी काम किया था.

एसटीएफ ने इस मामले की पड़ताल के दौरान कई बार SN मेडिकल कॉलेज का दौरा किया और कॉलेज प्रशासन से 2012 से 2018 तक के MBBS, PG, रेजिडेंट और अन्य मेडिकल छात्रों का रिकॉर्ड मांगा. टीम यह रिकॉर्ड अपने साथ ले गई. जांच के दौरान रमीज के सहपाठियों, प्रोफेसरों और अन्य लोगों से उसके व्यवहार और संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई गई. बताया गया कि अलीगढ़ से कुछ लोग रमीज से मिलने कॉलेज आते थे और उनकी अलग बैठकें होती थीं. कॉलेज से जुड़े कुछ लोगों ने STF को एक हिंदू युवती के धर्मांतरण की बात भी बताई, जिसके तार अलीगढ़ से जुड़े होने की जानकारी मिली.

SN मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि एसटीएफ ने डॉ. रमीज के चिकित्सीय रिकॉर्ड और अन्य जानकारियां मांगी थीं, साथ ही 2012 से 2018 तक के सभी मेडिकल छात्रों का रिकॉर्ड भी टीम अपने साथ ले गई थी. एसटीएफ की जांच में इस्लामिक मेडिकोज समूह की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की शुरुआत को लेकर भी पड़ताल की जा रही है.

Recent News