''कांग्रेस चीन के डर से सड़क नहीं बनाती थी, आज किसी माई के लाल में हिम्मत नहीं''...अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला

Amanat Ansari 06 Nov 2026 10:28 PM 1 Mins
''कांग्रेस चीन के डर से सड़क नहीं बनाती थी, आज किसी माई के लाल में हिम्मत नहीं''...अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह में देहरादून पहुंचे. उन्होंने धामी सरकार के 10 साल के कामों की तारीफ करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी कभी पहाड़ के काम न आए... ऐसी नीतियां बनाई थीं. ये लोग सड़क इसलिए नहीं बनाते थे क्योंकि डर था कि चीन अंदर आ जाएगा.

हमने सड़क भी बनाई और मोदी जी के नेतृत्व में ऐसा मजबूत देश बनाया कि आज किसी माई के लाल में भारत की सीमाओं को छूने की हिम्मत नहीं है. जिसने कोशिश की, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उनके घर में घुसकर सफाया कर दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सालों तक मनी ऑर्डर इकोनॉमी और पलायन के भरोसे उत्तराखंड को छोड़ रखा था. भाजपा सरकार ने मनी ऑर्डर इकोनॉमी की जगह इंडस्ट्रियल इकोनॉमी लाने का काम किया है.

धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

  • पर्यटन में 361 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
  • एक लाख करोड़ रुपए के उद्योग धरातल पर उतर चुके हैं.
  • 33 हजार युवाओं को नौकरियां दी गई हैं.
  • जीएसडीपी में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
  • 1508 करोड़ रुपए की लागत से 63 कामों का लोकार्पण किया गया.

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की. धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून को भी सख्ती से लागू किया गया. शाह ने कहा, ''आपको तय करना है कि अगले चुनाव में विकास देने वाली भाजपा सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार वाली राहुल बाबा वाली सरकार चाहिए.''

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर सवाल करते हुए पूछा कि उन्होंने ऐसा कौन सा काम किया है जिसके लिए उन्हें याद किया जाएगा. अमित शाह ने राज्य के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती गांवों को अब देश का पहला गांव बनाया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था इतनी मजबूत हो गई है कि कोई भी भारत की सीमाओं को चुनौती देने की हिम्मत नहीं कर सकता.

Recent News