अलीगढ़ में करणी सेना जिलाध्यक्ष पर 150 की भीड़ का हमला: बेल्टों से पीटा, अंबेडकर पार्क में ले जाकर लगवाए जय भीम के नारे

Rahul Jadaun 17 Sep 2026 01:41 PM 2 Mins
अलीगढ़ में करणी सेना जिलाध्यक्ष पर 150 की भीड़ का हमला: बेल्टों से पीटा, अंबेडकर पार्क में ले जाकर लगवाए जय भीम के नारे

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर भीड़ द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में करीब 100 लोगों की भीड़ ने सचिन राघव, उनके भाई और दोस्त को घेरकर दौड़ा-दौड़ाकर बेल्ट और थप्पड़ों से पीटा। हमलावर उन्हें खींचते हुए अंबेडकर पार्क ले गए, जहां उनसे माफी मंगवाई गई और नारे लगवाए गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की पहचान और धरपकड़ शुरू कर दी है।

चाट खाने के दौरान करीब 150 लोगों ने घेरा

घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे घंटाघर के पास की है। क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव अपने छोटे भाई सुंदर और दोस्त प्रहलाद के साथ चाट खा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान करीब 150 युवकों की भीड़ वहां आ धमकी और तीनों को घेर लिया। भीड़ ने सचिन राघव को निशाना बनाते हुए लात-घूंसों और बेल्टों से हमला कर दिया।

बचाव में आए सचिन के भाई सुंदर और दोस्त प्रहलाद को भी बुरी तरह मारा-पीटा गया। हमले के दौरान सचिन राघव हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए, लेकिन हमलावर उन्हें घसीटते हुए पास के अंबेडकर पार्क के भीतर ले गए। वहां उनसे वाल्मीकि समाज और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में नारे लगवाए गए।

विवादित बयान बना हमले की वजह

इस हमले की जड़ में मंगलवार को हुई सवर्ण समाज की पंचायत को माना जा रहा है। पंचायत के दौरान सचिन के भाई सुंदर ने एक भाषण दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि—"जब हम पूजा करते हैं तो पंडित, सरकार से लड़ते हैं तो क्षत्रिय और धन एकत्र करते हैं तो वैश्य होते हैं; इसी क्रम में जब नहरों और पोखरों से मृत गोवंश निकालते हैं तो हम भंगी होते हैं।" सुंदर ने इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। इस टिप्पणी को लेकर वाल्मीकि समाज में भारी आक्रोश फैल गया था, जिसके बाद बुधवार शाम यह हमला हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को आते देख हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घायल सचिन राघव को मेडिकल परीक्षण और प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

सीओ तृतीय सर्वम सिंह का बयान:

"पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। मौके और घटना से जुड़े वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है। जल्द ही सभी नामजद व अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"

#KarniSena #UPNews #UPPolice #SachinRaghav #CrimeNews #AligarhNews #LawAndOrde

Recent News