गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं. इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र और जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनवाया जाए. आयुष्मान योजना के तहत इलाज मिलने के बाद भी अगर जरूरत पड़े तो विवेकाधीन कोष से अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है. सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए.
देवरिया से आए एक दिव्यांग व्यक्ति ने इलाज के लिए मदद मांगी. आयुष्मान कार्ड न होने की जानकारी मिलते ही सीएम ने तत्काल कार्ड बनवाने के आदेश दिए. दिव्यांग ने बताया कि उनकी पेंशन बंद हो गई है, जिस पर मुख्यमंत्री ने पेंशन बहाल कराने के भी निर्देश जारी किए.
जनता दर्शन से पहले सीएम योगी ने गुरु गोरखनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया. इसके बाद गोशाला पहुंचकर गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया और उनके स्वास्थ्य व टीकाकरण की जानकारी लेकर देखभाल के जरूरी निर्देश दिए.