यूपी में नौकरियों की बारिश! योगी सरकार अगले 6 महीने में बांटेगी एक लाख सरकारी नौकरियां, 19 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया

Amanat Ansari 17 Sep 2026 05:37 PM 1 Mins
यूपी में नौकरियों की बारिश! योगी सरकार अगले 6 महीने में बांटेगी एक लाख सरकारी नौकरियां, 19 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया

गोरखपुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अगले छह महीनों में एक लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा की है. इनमें से 77 हजार भर्तियां सिर्फ पुलिस और होमगार्ड विभाग में होंगी. इस प्रक्रिया की शुरुआत 19 सितंबर से होने जा रही है. सीएम योगी ने बुधवार को गोरखपुर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान यह ऐलान किया. उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है. चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख और युवाओं को रोजगार दिया जाएगा.

पेंशन में भी बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन के लिए आर्थिक सहूलियत बढ़ाने की भी घोषणा की. वर्तमान में 1 करोड़ 10 लाख लाभार्थियों को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन दी जा रही है. जल्द ही पेंशन की राशि और लाभार्थियों की संख्या बढ़ाई जाएगी. सीएम योगी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास और जनोपयोगी सुविधाओं के लिए कानून का राज और सुरक्षा का माहौल जरूरी है. 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे विकास की नई श्रृंखला खड़ी हुई है.

यूपी अब ग्रोथ इंजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है. मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कल-कारखाने और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यहां आने को हर कोई लालायित है. गोरखपुर में खाद कारखाना दोबारा चलने, फोरलेन सड़कें, फ्लाईओवर, रामगढ़ताल का पर्यटन स्थल बनना और एम्स की सौगात जैसे बदलाव का जिक्र भी उन्होंने किया. उन्होंने बताया कि गीडा में 500 कारखाने लगने से अकेले वहां 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला और क्षेत्र पलायन से मुक्त हुआ.

सेवा संकल्प अभियान

7 अक्टूबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एक सप्ताह के विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इनमें सरकारी योजनाओं से वंचित नागरिकों को लाभ दिलाने की पहल की जाएगी. युवाओं के लिए यह घोषणा उत्तर प्रदेश में रोजगार के बड़े अवसर खोलने वाली साबित हो सकती है.

UP News CM Yogi Yogi Adityanath News UP Jobs UP Government Jobs

Recent News