नई दिल्ली: भारत की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शनिवार को उद्घाटन हो गया. यह ट्रेन वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलेगी और दोनों शहरों के बीच करीब 760 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 9 घंटे 30 मिनट में तय करेगी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज
यह ओवरनाइट ट्रेन शाम को चलेगी और अगली सुबह गंतव्य तक पहुंचाएगी, जिससे यात्री सोकर सफर कर सकेंगे. ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगली सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलेगी और अगली सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी. रास्ते में ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में रुकेगी. यह सेवा हफ्ते में छह दिन चलेगी. वाराणसी से शुक्रवार को और नई दिल्ली से शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा.
समय की बचत और सुविधाएं
शिव गंगा एक्सप्रेस की तुलना में वाराणसी से नई दिल्ली का सफर 55 मिनट और वापसी का सफर 35 मिनट कम हो जाएगा. ट्रेन में 16 कोच हैं, जिनमें थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी क्लास की सुविधा है. इसमें आधुनिक सुविधाओं का खास ध्यान रखा गया है, जैसे बेहतर पैंट्री, चार्जिंग पॉइंट, ऊपरी और निचले बर्थ के लिए अलग व्यवस्था तथा स्टाफ के लिए विशेष जगह.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन के अंदर की झलक दिखाते हुए कहा कि हर डिटेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है. किराए की आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह अन्य ट्रेनों की तुलना में थोड़ा अधिक हो सकता है. इस ट्रेन के साथ वाराणसी सिटी-राजातालाब और बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू सेवाओं का भी शुभारंभ किया गया.