यूपी में प्रशासनिक फेरबदल: पीलीभीत और फतेहपुर के एसडीएम समेत 11 पीसीएस अफसरों के तबादले, संजय कुमार यादव बने लखनऊ के अपर नगर आयुक्त

Amanat Ansari 30 Oct 2026 08:19 PM 1 Mins
यूपी में प्रशासनिक फेरबदल: पीलीभीत और फतेहपुर के एसडीएम समेत 11 पीसीएस अफसरों के तबादले, संजय कुमार यादव बने लखनऊ के अपर नगर आयुक्त

लखनऊ: योगी सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पीलीभीत और फतेहपुर के एसडीएम समेत 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए. कई जिलों में उपजिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी स्तर के पदों पर बदलाव किया गया है. तबादला आदेश के अनुसार, राज बहादुर को एसडीएम हाथरस से एडीएम (न्यायिक) बुलंदशहर बनाया गया है. संजय कुमार यादव को एसडीएम लखनऊ से अपर नगर आयुक्त, नगर निगम लखनऊ बनाया गया है.

दुर्गेश यादव को एसडीएम फतेहपुर से विशेष कार्याधिकारी, राहत आयुक्त कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है. शशि कुमार को विशेष कार्याधिकारी राहत आयुक्त कार्यालय से एसडीएम फतेहपुर नियुक्त किया गया है. सुशील कुमार सिंह को एसडीएम मथुरा से एसडीएम फतेहपुर भेजा गया है.

पीलीभीत में भी बड़ा बदलाव हुआ है. हेमंत कुमार चौधरी को एसडीएम पीलीभीत से विशेष कार्याधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बनाया गया है. मांधाता प्रताप सिंह को विशेष कार्याधिकारी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से एसडीएम पीलीभीत नियुक्त किया गया है. मयंक गोस्वामी को एसडीएम पीलीभीत से बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है, जबकि अजय कुमार को बंदोबस्त अधिकारी लखनऊ से एसडीएम पीलीभीत बनाया गया है.

इसके अलावा, अमित कुमार द्वितीय को प्रधान प्रबंधक उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ से एडीएम (प्रशासन) रायबरेली बनाया गया है. अशोक कुमार गुप्ता को स्थानांतरणाधीन एडीएम (प्रशासन) रायबरेली से प्रधान प्रबंधक सहकारी चीनी मिल संघ बनाया गया है. इस फेरबदल के साथ ही औरैया में पूर्व सीडीओ रहे संत कुमार के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए शासन ने औरैया के डीएम से विस्तृत आख्या मांगी है.

Recent News