अमित शाह का बड़ा ऐलान: मोदी 2029 में चौथी बार बनेंगे प्रधानमंत्री! लखनऊ से यूपी भाजपा को दिया जीत का मंत्र

Amanat Ansari 30 Oct 2026 07:05 PM 1 Mins
अमित शाह का बड़ा ऐलान: मोदी 2029 में चौथी बार बनेंगे प्रधानमंत्री! लखनऊ से यूपी भाजपा को दिया जीत का मंत्र

लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद चौथी बार भी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे. उत्तर प्रदेश भाजपा की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक में शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में यह संदेश दिया कि मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं और आगे भी सरकार का नेतृत्व उनके ही पास रहेगा.

अमित शाह ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा, “जमीन पर काम करिए. मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं और आप लोग ऐसे ही डटे रहे तो चौथी बार भी बनेंगे. उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनने से कोई रोक नहीं पाएगा.” उन्होंने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए आपसी मनमुटाव भूलकर पूरी ताकत से जुटने की अपील की. शाह ने दावा किया कि यूपी में भाजपा सरकार अंगद के पांव की तरह अडिग है, उसे कोई नहीं हिला सकता.

उन्होंने कहा कि यूपी में अगले 30 साल तक भाजपा सरकार रहने वाली है. शाह ने यह भी ऐलान किया कि अगर मतदाता फिर से सरकार बनाने का मौका देंगे तो उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी. उन्होंने योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश को माफिया और भ्रष्टाचार से बाहर निकाला है.

यूपी अब इन्वेस्टर हब बन गया है, जहां 50 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश आया है और 15 लाख करोड़ का काम जमीन पर उतर चुका है. लूट, डकैती, दंगों और रंगदारी के मामलों में बड़ी गिरावट आई है. यह बयान मोदी के बाद भाजपा से प्रधानमंत्री कौन होगा, इसको लेकर चल रही अटकलों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Amit Shah Narendra Modi Amit Shah Yogi Adityanath Amit Shah UP BJP

Recent News