पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की 25 नवंबर को शादी तय है. बेटी की शादी और विदाई के बाद अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 1 दिसंबर तक सरेंडर करके वापस जेल जाना होगा. जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह ने शिवांगी की शादी पटना जिले के बिहटा इलाके में तय की है. शादी की तैयारियां उनके पैतृक गांव बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में तेजी से चल रही हैं.
माना जा रहा है कि वे लदमा गांव से ही बेटी की शादी करेंगे. अनंत सिंह और नीलम देवी के तीन बेटे (अभिषेक, अंकित और अभिनव) तथा दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी राजनंदिनी की शादी लखीसराय में हो चुकी है. दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से मिली जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को आत्मसमर्पण का आदेश दिया.
उनके वकील ने कोर्ट को बेटी की शादी 25 नवंबर को होने की जानकारी दी, जिसके बाद अदालत ने सरेंडर के लिए एक महीने की मोहलत दे दी. मामले की अगली सुनवाई चार महीने बाद होगी और राज्य सरकार को भी चार महीने में जांच पूरी करने को कहा गया है.
अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्या के मामले में गिरफ्तार होकर जेल में रहते हुए भी 2025 के विधानसभा चुनाव में मोकामा से जीत दर्ज कर चुके हैं. पटना हाईकोर्ट ने उन्हें 19 मार्च को जमानत दी थी. याचिकाकर्ता ने उनकी 67 आपराधिक केस की हिस्ट्री का हवाला देते हुए जमानत रद्द करने की मांग की थी. सुप्रीम कोर्ट ने जमानत को निष्प्रभावी करते हुए बेटी की शादी के तुरंत बाद सरेंडर करने का निर्देश दिया है.