प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में दो सगी बहनों के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. कानपुर की 21 और 17 साल की बहनों को संगम घुमाने के बहाने प्रयागराज ले जाकर गैंगरेप किया गया. आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई मदद नहीं मिली. आखिरकार कोर्ट के आदेश पर करीब दस महीने बाद जार्जटाउन थाने में गुरुवार को पारुल यादव, जोगेंद्र यादव और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.
पीड़िताओं का आरोप है कि संगम दर्शन कराने के बहाने उन्हें प्रयागराज लाया गया. यहां एक कमरे में सूप बताकर नशीला पदार्थ पिलाया गया. इसके बाद तीन लोगों ने बारी-बारी से उनके साथ जबरन दुष्कर्म किया. विरोध करने पर मारपीट की गई और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई.
कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दोनों बहनें 22 दिसंबर 2025 को पारुल यादव और जोगेंद्र यादव के साथ कार से प्रयागराज आई थीं. कार में ड्राइवर और एक अन्य युवक भी मौजूद थे. प्रयागराज पहुंचकर पहले कचहरी ले जाया गया, फिर संगम दर्शन की बात कही गई. रात करीब दस बजे जार्जटाउन में एक कमरे में ठहराया गया. वहां आरोपियों ने शराब पी और बहनों को सूप बताकर कुछ पिलाया.
इसके बाद बारी-बारी से दुष्कर्म किया. अगले दिन वे कानपुर लौट गईं. आरोप है कि पारुल यादव ने नर्सिंग में एडमिशन कराने के नाम पर 50 हजार रुपये भी लिए थे. पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर पीड़िताओं ने कोर्ट का सहारा लिया, जिसके बाद एफआईआर दर्ज हुई.