आलीशान मकान का लालच, इश्क में धोखा! पीलीभीत में युवती ने प्रेमजाल बिछाकर धर्म परिवर्तन की कोशिश की, तीन गिरफ्तार

Amanat Ansari 30 Oct 2026 05:29 PM 1 Mins
आलीशान मकान का लालच, इश्क में धोखा! पीलीभीत में युवती ने प्रेमजाल बिछाकर धर्म परिवर्तन की कोशिश की, तीन गिरफ्तार

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक युवक प्रेमजाल का शिकार हो गया. आरोप है कि युवती रौनक फातिमा ने इश्क के नाम पर धोखाधड़ी की और जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की. युवक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खकरा निवासी हितेश कुमार सक्सेना ने शिकायत दर्ज कराई. उनके मुताबिक, 2019-20 में वे रिजवान हुसैन के घर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाते थे. वहां रिजवान की भांजी रौनक फातिमा भी रहती थी. 2022 से उसे षड्यंत्र के तहत प्रेमजाल में फंसाने और धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश शुरू हुई. शिक्षक पद पर नियुक्ति मिलने के बाद 2023 में उसे सज्जाद हुसैन के घर दावत पर बुलाया गया.

आरोप है कि वहां धोखे से प्रतिबंधित पशु का मीट खिलाकर कलमा पढ़वाया गया और इस्लाम कबूल कराने का दबाव बनाया गया. आलीशान मकान बनवाने और रौनक से निकाह कराने का प्रलोभन भी दिया गया. 4 अप्रैल 2025 को सज्जाद हुसैन के घर बुलाकर दो मौलाना और हथियारबंद लोगों की मौजूदगी में कमरे में बंद कर दिया गया. धमकी देकर कलमा पढ़वाया गया और नाम बदलकर मोहम्मद उमर का धर्मांतरण प्रमाणपत्र तैयार कराया गया.

रौनक फातिमा व्हाट्सएप पर प्रेम-मोहब्बत की बातें करती थी और मुस्लिम बनकर पांच वक्त नमाज पढ़ने की बात कहती थी. बाद में सोने-चांदी के आभूषणों की मांग कर ब्लैकमेल किया गया. पुलिस ने रिजवान हुसैन, सज्जाद हुसैन और रौनक फातिमा को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य नामजद लोगों के खिलाफ विवेचना जारी है.

Recent News