समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर से एक विवाहिता के साथ सरेआम बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक युवक ने खेत में महिला को दौड़कर पकड़ा, जमीन पर गिराकर उसकी इच्छा के विरुद्ध मांग में जबरन सिंदूर भर दिया और शादी करने का दावा ठोक दिया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण तमाशबीन बने रहे और पीड़िता की खिल्ली उड़ाते रहे.
वायरल वीडियो में युवक बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में महिला की मांग में सिंदूर भरता नजर आता है. महिला विरोध करती हुई खेत की ओर भागने की कोशिश करती है, लेकिन युवक लोगों से हाथ छुड़ाकर उसके पास पहुंच जाता है और जबर्दस्ती सिंदूर भर देता है. इसके बाद वह एक अन्य युवक के साथ महिला को बाइक पर चढ़ाकर एक कमरे में ले जाता है, जहां फिर से सिंदूर भरने की कोशिश करता है.
मौके पर मौजूद लोग वीडियो बनाते रहे और मजाक उड़ाते रहे. आरोपी की पहचान पुरुषोत्तमपुर अन्नु पंचायत के वार्ड-2 निवासी दिनेश महतो के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है. पीड़िता भी खानपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और दोनों के घर आसपास ही हैं. दोनों पहले से परिचित बताए जा रहे हैं. कुंदन प्रेम प्रसंग का दावा कर रहा है, जबकि महिला इनकार कर रही है.
पीड़िता और परिजनों की शिकायत पर खानपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. समस्तीपुर डीएसी संजय कुमार के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर की है. पांच व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में खानपुर कांड संख्या 243/2026 दर्ज किया गया है.
मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को बेगूसराय के खोदाबंदपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. उसका घर पीड़िता के घर से करीब 500 मीटर दूर है. पुलिस अन्य ग्रामीणों और वीडियो वायरल करने वालों की तलाश कर रही है तथा पूरी घटना की तकनीकी जांच भी कर रही है.