चमोली: उत्तराखंड के चार धामों में प्रमुख बद्रीनाथ धाम से वापस लौट रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश हो गया है. इस सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे. जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर (कॉल साइन VT-HCX) शुक्रवार दोपहर करीब 1:12-1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी.
जोशीमठ घाटी पार करते समय करीब 15 मिनट बाद इसका एटीसी और आरटी कनेक्शन टूट गया. ट्रैकिंग सिस्टम भी लोकेशन दिखाना बंद कर दिया. हेलीकॉप्टर की आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव (हाथी पहाड़ के पास) के आसपास मिली थी. चट्टान से टकराने की आशंका जताई जा रही है.
अभी तक मलबा नहीं मिला है. पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं. अन्य हेलीकॉप्टर भी रेकी के लिए भेजे गए हैं. खराब मौसम और बारिश ऑपरेशन में बाधा डाल रही है. हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु के अलावा यात्रियों में प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा सवार थे.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं. उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं और यात्रियों के सकुशल होने की कामना की है. यूकाडा ने सावधानी के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी है.