चक्रवात अर्नब के बाद बंगाल की खाड़ी में नया तूफान तैयार! अगले 48 घंटे बेहद अहम, तमिलनाडु-आंध्र पर संकट

Amanat Ansari 30 Oct 2026 04:33 PM 1 Mins
चक्रवात अर्नब के बाद बंगाल की खाड़ी में नया तूफान तैयार! अगले 48 घंटे बेहद अहम, तमिलनाडु-आंध्र पर संकट

नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ है कि बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण अंडमान सागर और उसके आसपास के क्षेत्र में नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है. मौसम विभाग इस सिस्टम की लगातार निगरानी कर रहा है.

IMD के 29 अक्टूबर के बुलेटिन के मुताबिक, यह लगातार बनने वाला चौथा कम दबाव का क्षेत्र है. अगले 24 घंटों में इसके गहरे दबाव और अगले 48 घंटों में चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका जताई जा रही है. अगर यह सिस्टम चक्रवाती तूफान बनता है, तो इसके 1-2 नवंबर तक उत्तरी तमिलनाडु के तट, चेन्नई के निकट टकराने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.

फिलहाल सीधा संकट तमिलनाडु पर मंडरा रहा है. इसके अलावा आंध्र प्रदेश और ओडिशा भी इसकी चपेट में आ सकते हैं. असली हकीकत अगले 48 घंटों में साफ होगी. इससे पहले अति भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब तमिलनाडु के तट से टकराए बिना आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ गया था और वहां भारी बारिश व तेज हवाएं लेकर आया था.

अर्नब से जुड़ा सिस्टम अब कमजोर होकर अवदाब में बदलने की प्रक्रिया में है. इसके कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और आसपास के इलाकों में बारिश का असर बना रह सकता है. पूर्वोत्तर मॉनसून के सक्रिय रहने के दौरान बंगाल की खाड़ी में लगातार बनने वाले इन सिस्टमों के कारण दक्षिणी राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका बनी हुई है. 

Recent News