अनंत सिंह को फांसी दिलाने तक चैन नहीं! दुलारचंद यादव के पोते ने खाई कसम, सुप्रीम कोर्ट ने की जमानत रद्द की

Amanat Ansari 30 Oct 2026 05:14 PM 1 Mins
अनंत सिंह को फांसी दिलाने तक चैन नहीं! दुलारचंद यादव के पोते ने खाई कसम, सुप्रीम कोर्ट ने की जमानत रद्द की

पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को एक और बड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से मिली उनकी जमानत को रद्द कर दिया है और एक दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है. यह फैसला दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार की याचिका पर आया है.

फैसले के बाद नीरज कुमार के पुराने बयान की चर्चा तेज हो गई है. हत्या के बाद उन्होंने कहा था, “जब तक सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता और उन्हें मौत की सजा नहीं मिल जाती, तब तक हम ब्रह्मभोज नहीं करेंगे.” उन्होंने यह भी कहा था कि जब तक अनंत सिंह को फांसी नहीं हो जाती, वे चैन से नहीं बैठेंगे. नीरज कुमार ने दावा किया था कि उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी.

उन्होंने आरोप लगाया था, “अनंत सिंह ने मेरे दादा को खुद अपने हाथ से गोली मारी.” उनके मुताबिक, अनंत सिंह के लोगों ने काफिले को रोका, दुलारचंद यादव को गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला और हत्या कर दी. उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया था कि प्रशासन ने अनंत सिंह की मदद की.

दुलारचंद यादव को जनसुराज का समर्थक माना जाता था. उनकी हत्या 30 अक्टूबर 2025 को मोकामा में चुनावी प्रचार के दौरान हुई थी. नीरज कुमार द्वारा दर्ज एफआईआर में अनंत सिंह समेत पांच लोगों का नाम था. सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद मामले में नया मोड़ आया है, जबकि अनंत सिंह की तरफ से भी नीरज कुमार पर आरोप लगाए जा रहे हैं. 

Recent News