'312 सीट वाली रिकॉर्ड जीत याद दिलाने आया हूं'... लखनऊ में BJP कार्यकर्ताओं से बोले अमित शाह

Amanat Ansari 30 Oct 2026 01:27 PM 1 Mins
'312 सीट वाली रिकॉर्ड जीत याद दिलाने आया हूं'... लखनऊ में BJP कार्यकर्ताओं से बोले अमित शाह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बड़ी बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया. करीब 2,850 प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने 2017 की रिकॉर्ड जीत का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं को ‘विजय मंत्र’ दिया और तीसरी बार सरकार बनाने का आह्वान किया.

अमित शाह का संबोधन

शाह ने संबोधन की शुरुआत में कार्यकर्ताओं को ‘मालिक’ कहकर संबोधित किया और कहा, “भाजपा के मालिक देवतुल्य कार्यकर्ताओं को मेरा राम-राम.” उन्होंने जोर दिया कि पार्टी की असली ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि 2017 में योगी के मुख्यमंत्री बनने से पहले माफियाओं ने यूपी को जकड़ रखा था. उन्होंने योगी को बधाई दी कि कठोर शासन से यूपी को माफिया मुक्त किया गया. शाह ने राम मंदिर निर्माण, धारा 370 और यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) का भी जिक्र किया और कहा कि यूपी में BJP सरकार बनने पर UCC लागू करेंगे.

सपा पर साधा निशाना

सपा पर तीखा हमला करते हुए शाह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान रामभक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं और सरयू नदी का जल लाल हो गया था. उन्होंने अखिलेश यादव से पूछा, “अखिलेश बाबू, आप किस मुंह से राज्य में सरकार बनाने की बात करते हैं?” शाह ने कहा कि यूपी में बीजेपी सरकार ‘अंगद का पैर’ है, जिसे कोई नहीं हटा सकता.

उन्होंने 2017 की याद दिलाते हुए कहा, “मैं आज आप कार्यकर्ताओं को याद करने आया हूं. यह आप ही लोग हो जिन्होंने रिकॉर्ड सीटें जिताईं—2017 में 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीटें. 2022 में भी 41 प्रतिशत वोट पाए. आज कहता हूं कमर का स्लो और अर्जुन की तरह मछली की आंख पर निशाना लगाओ. फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार लेकर आएंगे. समय है तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाएंगे.”

बैठक का स्वरूप

डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के भीमराव आंबेडकर प्रेक्षागृह में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और मोर्चों के पदाधिकारी शामिल थे. योगी आदित्यनाथ समापन भाषण देंगे.

2024 लोकसभा और हाल के MLC चुनावों में सपा के बेहतर प्रदर्शन के बाद यह बैठक संगठन को मजबूत करने और 2027 के लिए रणनीति बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है. बीजेपी 2017 और 2022 की तरह सत्ता बनाए रखने का लक्ष्य लेकर चल रही है.

Recent News