रूममेट युवती ने किशोरी का किया शोषण, अश्लील वीडियो किया वायरल, पॉक्सो में एफआईआर

Amanat Ansari 30 Oct 2026 12:44 PM 1 Mins
रूममेट युवती ने किशोरी का किया शोषण, अश्लील वीडियो किया वायरल, पॉक्सो में एफआईआर

लखनऊ: गाजीपुर इलाके में स्थित राजकीय महिला पॉलीटेक्निक की 16 वर्षीय छात्रा ने अपनी रूममेट पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आरोप है कि रूममेट एक साल से अधिक समय से उसका शारीरिक शोषण कर रही थी, अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी दी. बुधवार को किशोरी के पिता ने गाजीपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है.

क्या है पूरा मामला?

मूल रूप से मैनपुरी निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि सितंबर 2024 में बेटी का दाखिला महिला पॉलीटेक्निक में कराया गया था. वर्तमान में वह द्वितीय वर्ष की छात्रा है और पॉलीटेक्निक परिसर के हॉस्टल में रहती है. मऊ निवासी एक युवती उसकी रूममेट है. आरोप है कि रूममेट पिछले एक साल से अधिक समय से पीड़िता का शारीरिक शोषण कर रही थी. उसने अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को डराया रखा.

डर के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही. विरोध करने पर रूममेट उसे पीटती थी और जान से मारने की धमकी देती थी. एक बार उसे कमरे में बंद कर गला दबाने का भी प्रयास किया गया. आरोपी ने पीड़िता, उसके पिता और भाई को भी जान से मारने की धमकी दी.

पुलिस की कार्रवाई

हिम्मत जुटाकर किशोरी ने अपनी मां को पूरी बात बताई. मां ने पिता को सूचित किया. इसके बाद पिता लखनऊ पहुंचे और गाजीपुर थाने में छेड़छाड़, धमकी, मारपीट, आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई. इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्य ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया गया है. जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा.

पीड़िता के पिता ने बताया कि घटना के बाद बेटी मानसिक रूप से बहुत परेशान है और तनाव में है. उसकी हालत ठीक न होने के कारण उन्होंने हॉस्टल से नाम कटवा दिया है और बेटी को घर ले गए हैं. मामले की जांच जारी है. पुलिस आरोपी की तलाश में सक्रिय है.

Recent News