अलीगढ़: अलीगढ़ के रोरावर क्षेत्र में एक महिला को बंधक बनाकर लूटने की साजिश उसके सगे भाई जितेंद्र ने रची थी. जेल में अपराधियों से दोस्ती के बाद उसने अपनी ही बहन के घर लूट कराने की योजना बनाई. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना 23 अक्टूबर को रुक्मिणी विहार में हुई. घर के मालिक नवीन कुमार ड्यूटी पर गए हुए थे और उनकी पत्नी नीरेश देवी अकेली थीं. दोपहर में नौकरी की बात करने का बहाना बनाकर पल्सर बाइक सवार दो बदमाश घर में घुस गए. उन्होंने महिला को बंधक बनाकर मारपीट की, तमंचे की बट से सिर पर हमला कर घायल कर दिया और जेवरात तथा नकदी लूटकर फरार हो गए.
एएसपी सिटी आदित्य बंसल ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से रोरावर पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग की टीम ने फिरोजाबाद के नगला करन सिंह निवासी सुदीप को गिरफ्तार किया. उसके पास से लूटे गए दो कुंडल, दो अंगूठी, छह लौंग, दो पाजेब, छह अंगूठी, 2,150 रुपये नकद, एक तमंचा और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक बरामद हुई है.
पूछताछ में सुदीप ने बताया कि उसकी मुलाकात जेल में आगरा के दीपू और पीड़िता के सगे भाई जितेंद्र (उर्फ जयप्रकाश, जेपी) से हुई थी. जितेंद्र करीब सात साल फिरोजाबाद जेल में रहा. जेल से बाहर आने के बाद जितेंद्र ने करीब 15 दिन पहले अपनी बहन का घर दिखाया और पूरी योजना बनाई. उसने बताया कि घर में कब कौन रहता है और जेवर कहां रखे हैं.
पुलिस के अनुसार मुख्य साजिशकर्ता जितेंद्र फरार है. एक अन्य आरोपी दीपू का शव गुरुवार को आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में मिला, जिसके आत्महत्या करने की बात कही जा रही है. सुदीप पर फिरोजाबाद में हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले भी दर्ज हैं.