रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली से पहले ममता बनर्जी से मिले अभिजीत दीपके, दिया समर्थन 

Amanat Ansari 31 Oct 2026 10:17 PM 1 Mins
रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली से पहले ममता बनर्जी से मिले अभिजीत दीपके, दिया समर्थन 

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से दिल्ली में मुलाकात की. यह मुलाकात इंडिया ब्लॉक की 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली से ठीक पहले हुई.

दीपके ने अपने एक्स हैंडल पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए ममता बनर्जी का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा कि टीएमसी प्रमुख से मुलाकात की और आशुतोष रांका तथा सौरव दास की अवैध गिरफ्तारियों के दौरान सीजेपी को दिए समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद कहा. साथ ही उन्होंने चुनाव में धांधली के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के कल (1 नवंबर) होने वाले विरोध प्रदर्शन पर अपना समर्थन भी जताया.

विपक्ष रामलीला मैदान की रैली के जरिए देशव्यापी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने जा रहा है. मुलाकात पर ममता बनर्जी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एसआईआर और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को उठाने में अभिजीत दीपके और अन्य युवाओं की सराहना की. ममता ने कहा, “मुझे उन पर बहुत गर्व है, बल्कि सिर्फ मुझे ही नहीं पूरी युवा पीढ़ी को उन पर गर्व है. वे ही इस आंदोलन में सबसे आगे रहने वाले और शुरुआत करने वालों में हैं.”

उन्होंने इंडिया ब्लॉक की रविवार की रैली के लिए सीजेपी के समर्थन को स्वीकार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी आगे भी उन्हें समर्थन देती रहेगी. ममता ने कहा, “उन्होंने (सीजेपी ने) कल की रैली के लिए अपना पूरा समर्थन दिया है. हमने भी उन्हें पूरा समर्थन दिया है.” उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं के योगदान को न भूलने की बात कही और कहा कि आंदोलन शुरू करने वाले युवाओं ने कितना कुछ सहा है.

गौरतलब है कि ममता बनर्जी 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी के प्रोटेस्ट में शामिल हुई थीं. उस दौरान चार राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया था और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था. अन्य रिपोर्टों के अनुसार, दीपके ने कहा कि वे “दीदी” का धन्यवाद करने आए थे और सीजेपी रैली का समर्थन करती है, लेकिन अपनी स्वतंत्र पहचान और तटस्थ मंच बनाए रखेगी.

Recent News