बिहार में बड़ा सियासी घटनाक्रम: दो निर्दलीय MLC भाजपा में शामिल, राहुल राज की पार्टी में वापसी

Amanat Ansari 31 Oct 2026 08:46 PM 1 Mins
बिहार में बड़ा सियासी घटनाक्रम: दो निर्दलीय MLC भाजपा में शामिल, राहुल राज की पार्टी में वापसी

पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. दो निर्दलीय विधान पार्षद (MLC) भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं. इनमें सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव जीतने वाले राहुल राज और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीते बंशीधर ब्रजवासी शामिल हैं.

राहुल राज की वापसी

राहुल राज की भाजपा में वापसी इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने सारण शिक्षक सीट पर NDA के सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार आनंद पुष्कर के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था. इसके बाद भाजपा ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. भाजपा में वापसी से पहले राहुल राज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करने पहुंचे थे. इस दौरान सारण से भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी भी मौजूद थे.

राहुल राज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने शिक्षकों के मुद्दे रखे और सम्राट चौधरी ने शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया. JDU उम्मीदवार को हराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने NDA को नहीं हराया, बल्कि कम्युनिस्ट विचारधारा के प्रत्याशी को हराया. कोई व्यक्ति 10 दिन के अंदर कम्युनिस्ट विचारधारा से आकर NDA का उम्मीदवार बन जाता है, तो कार्यकर्ता उसको स्वीकार नहीं कर पाएंगे.

उन्होंने बताया कि आनंद पुष्कर ने पिछला चुनाव CPI के टिकट पर लड़ा था और चुनाव से कुछ दिन पहले JDU जॉइन की थी. दूसरे विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीता था. उन्हें कुल 31,832 वोट मिले, जबकि NDA उम्मीदवार अभिषेक झा को 22,685 मत प्राप्त हुए.

इस तरह उन्होंने 9,147 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. दोनों निर्दलीय MLC के भाजपा में शामिल होने से बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, अब 8 सीटों में से 4 भाजपा के हिस्से हो गई हैं.

Recent News