नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है. दोनों की शादी की खबरों के बाद लोगों में यह सवाल उठ रहा है कि पति-पत्नी में ज्यादा अमीर कौन है और उनकी आय के स्रोत क्या हैं.
उमर अब्दुल्ला की नेट वर्थ
चुनावी हलफनामे के अनुसार, उमर अब्दुल्ला की कुल संपत्ति 55.24 लाख रुपए बताई गई है. इसमें 95 हजार रुपए नकदी, 23.50 लाख रुपए की फिक्स्ड डिपॉजिट और 30 लाख रुपए की ज्वैलरी शामिल है. उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति दर्ज नहीं है. उन्हें विधायक और सांसद की पेंशन मिलती है.
साथ ही राजनीतिक पदों से वेतन-भत्ते और बैंक जमा पर ब्याज भी आय का स्रोत है. जम्मू-कश्मीर के बागानों में हिस्सेदारी से भी उन्हें सालाना करोड़ों की कमाई होने का दावा किया जाता है. उनकी नेट वर्थ साल 2019-20 में 7.92 लाख रुपए थी, जो अगले साल 11.73 लाख और उसके बाद 19.39 लाख रुपए हो गई. वित्त वर्ष 2023-24 में यह 13.20 लाख रुपए रही.
निधि राजदान की नेट वर्थ
निधि राजदान की कुल संपत्ति करीब 50 लाख डॉलर यानी लगभग 45 करोड़ रुपए बताई जाती है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक मीडिया संस्थान में एंकर के रूप में उनकी सालाना कमाई 10 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी थी. एक समय उनकी मासिक सैलरी 83.33 लाख रुपए हो गई थी, जिससे वे देश की सबसे महंगी टीवी एंकर बन गई थीं.
उनकी रोजाना कमाई करीब 3.75 लाख रुपए से भी ज्यादा पहुंच गई थी. निधि ने लंबे समय तक टीवी एंकर के रूप में काम किया. उन्होंने ‘Left, Right and Centre: The Idea of India’ नाम से किताब लिखी है और विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लेखन भी किया है.
दोनों का व्यक्तिगत जीवन
निधि राजदान की पहले नीलेश मिश्रा से शादी हुई थी, जो 2007 में तलाक में बदल गई. उमर अब्दुल्ला की पहली शादी पायल नाथ से हुई थी, जो 2011 में अलग हो गई और हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने तलाक को अंतिम रूप दिया. दोनों की यह दूसरी शादी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, निधि राजदान उमर अब्दुल्ला से आर्थिक रूप से काफी आगे हैं.