रामपुर जेल से रिहा होते ही ED ने आजम खान को हिरासत में लिया, जौहर ट्रस्ट मामले में पूछताछ

Amanat Ansari 31 Oct 2026 07:50 PM 1 Mins
रामपुर जेल से रिहा होते ही ED ने आजम खान को हिरासत में लिया, जौहर ट्रस्ट मामले में पूछताछ

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान रामपुर जिला जेल से रिहा होते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया. उन्हें जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पूछताछ के लिए लिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, उन्हें गाजियाबाद के ED कोर्ट में पेश किया जा सकता है.

आजम खान के अधिवक्ता नासिर सुल्तान के अनुसार, उनके खिलाफ चल रहे सभी मुकदमों में रिहाई के परवाने जारी हो गए थे. एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में चल रहे पांच मुकदमों में शुक्रवार को परवाने जारी किए गए थे. शनिवार को दो पैन कार्ड मामले में भी इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद संबंधित अदालत ने रिहाई का परवाना जारी कर दिया था.

ED की टीम पहुंची जेल

इसी बीच ED की टीम रामपुर जिला जेल पहुंची. सूत्रों के अनुसार, टीम के साथ पांच गाड़ियां जेल परिसर के बाहर मौजूद थीं. ED पहले भी जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में आजम खान से जेल के अंदर पूछताछ कर चुकी है. 13 अक्टूबर को अजीम नगर थाने में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें सरकारी धन के कथित गबन और धोखाधड़ी के आरोप हैं.

जेल के बाहर समर्थकों की बड़ी भीड़ जमा थी, जो अपने नेता की रिहाई का इंतजार कर रही थी. ED की कार्रवाई से उत्साह के बीच अनिश्चितता बढ़ गई है. आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन घटनाक्रम से साफ है कि रिहाई के तुरंत बाद नई कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है.

सोमवार को ED से जुड़े मामले में अदालत में सुनवाई प्रस्तावित है. यह विकासक्रम आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई का हिस्सा है, जिसमें कई मुकदमों में जमानत मिलने के बावजूद ED की कार्रवाई उनकी रिहाई पर असर डाल रही है.

Recent News