जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से की शादी, खुद शेयर की तस्वीरें

Amanat Ansari 31 Oct 2026 04:17 PM 1 Mins
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से की शादी, खुद शेयर की तस्वीरें

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है. दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें शेयर कर इस खबर की खुद पुष्टि की. उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान के रिश्ते को लेकर पिछले कई सालों से अटकलें लगती रही हैं. 2024 में उमर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण समारोह में निधि की मौजूदगी और अन्य मौकों पर दोनों के साथ दिखने से ये चर्चाएं और तेज हो गई थीं.

हालांकि, पहले किसी ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की थी. अब दोनों के पोस्ट से यह साफ हो गया है कि उन्होंने रिश्ता आगे बढ़ा लिया है. उमर अब्दुल्ला की पहली शादी 1 सितंबर 1994 को पायल नाथ से हुई थी. दोनों के दो बेटे हैं. 2009 से वे अलग रह रहे थे और 2011 में उमर ने सार्वजनिक रूप से अलगाव की बात कही थी.

लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने आपसी सहमति के आधार पर दोनों के तलाक को मंजूरी दे दी थी. इस तरह करीब 32 साल पुराने रिश्ते का कानूनी अंत हुआ. निधि राजदान पूर्व NDTV एंकर और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे वर्तमान में IILM इंस्टीट्यूट के स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन की डायरेक्टर और अन्य मीडिया भूमिकाओं में सक्रिय हैं.

उनकी भी पहले पत्रकार नीलेश मिश्रा से शादी हुई थी, जो 2007 में समाप्त हो गई थी. दोनों की तरफ से शादी की तारीख, जगह या अन्य औपचारिक विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है. राजनीतिक और मीडिया हलकों में इस खबर पर चर्चा जारी है.

Recent News